BNP NEWS DESK। Sourav Ganguly पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली, पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह, बीसीसीआइ के सचिव देवाजित सैकिया और आइपीएल के अध्यक्ष अरुण सिंह धूमल की 28 सितंबर को होने वाली बीसीसीआइ की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) और आम चुनाव से पहले बोर्ड के पूर्ण सदस्यों के प्रतिनिधियों के रूप में पुष्टि की गई है। बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) ने बीसीसीआइ के पूर्व अध्यक्ष गांगुली को इस एजीएम में अपना प्रतिनिधि बनाया है, जबकि हरभजन पंजाब क्रिकेट संघ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
Sourav Ganguly निर्वाचन अधिकारी एके जोति द्वारा शनिवार को जारी सूची के अनुसार सैकिया और धूमल क्रमशः असम क्रिकेट संघ और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसी तरह बीसीसीआइ कोषाध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ और बोर्ड के संयुक्त सचिव रोहन गौंस देसाई गोवा राज्य निकाय के प्रतिनिधि होंगे।
बीसीसीआइ के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ, जबकि संजय नाइक और रोहन जेटली को क्रमशः मुंबई क्रिकेट संघ और दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ ने अपने-अपने प्रतिनिधि के रूप में नामित किया है।
बीसीसीआइ के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार राज्य संघों को अपने प्रतिनिधियों के नाम देने के लिए 12 सितंबर शुक्रवार को रात आठ बजे तक का समय दिया गया था। इसके बाद बीसीसीआइ ने शनिवार शाम को मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी।
अगर किसी को मसौदा मतदाता सूची में दिए गए नामों पर कोई आपत्ति है, तो वह 14 और 15 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है।
किसी भी संभावित आपत्ति और निर्णय की जांच के बाद अंतिम मतदाता सूची 19 सितंबर को जारी की जाएगी। बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक का मुख्य एजेंडा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा, क्योंकि इस महीने की शुरुआत में रोजर बिन्नी के हटने के बाद से यह पद खाली है।
सौरभ का दूसरी बार कैब अध्यक्ष बनना लगभग तय
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली का बिना प्रतिद्वंद्विता दूसरी बार बंगाल क्रिकेट संघ कैब का अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। मालूम हो कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 सितंबर है। अभी तक किसी ने सौरभ के विरुद्ध पर्चा नहीं भरा है और आगे भी इसकी संभावना न के बराबर दिख रही है।
कैब की वार्षिक आम सभा 22 सितंबर को है। उसी दिन चुनाव भी होगा। सौरभ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं और रविवार को अपने पैनल के साथ नामांकन जमा करेंगे। सौरभ इससे पहले 2015 से 2019 तक कैब अध्यक्ष रहे हैं। कैब के वर्तमान अध्यक्ष सौरभ के बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली हैं।








