BNP NEWS DESK। Bankers Protest यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर बैंककर्मी विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाओं पर असर कम करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देश पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक 27 सितंबर, रविवार को सामान्य रूप से खुले रहेंगे। 26 सितंबर को शनिवार का साप्ताहिक अवकाश है।
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की प्रदर्शनकारियों ने उठाई मांग
Bankers Protest गुरुवार शाम को बैंकों की ओर से रविवार को शाखाएं खोलने संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके बाद ग्राहकों के मोबाइल पर भी 27 सितंबर को बैंक खुलने की सूचना के संदेश पहुंचने लगे। वहीं, साप्ताहिक अवकाश और हड़ताल को देखते हुए बैंकों ने ग्राहकों से जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लेने की अपील की है। ग्राहकों को मोबाइल संदेश भेजकर भी इसकी जानकारी दी जा रही है। हालांकि हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
हड़ताल के समर्थन में बैंककर्मियों ने किया प्रदर्शन
तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में गुरुवार की शाम को वाराणसी माड्यूल में यूएफबीयू के बैनर तले कचहरी स्थित एसबीआइ की मुख्य शाखा के सामने बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और प्राफिट लिंक्ड इंसेंटिव में भेदभाव समाप्त कर द्विपक्षीय समझौते के अनुरूप समान नीति लागू करने की मांग उठाई। । Bankers Protest
वक्ताओं ने कहा कि मांगों को लेकर यूएफबीयू की ओर से भारतीय बैंक संघ (आइबीए), श्रम मंत्रालय, वित्त मंत्रालय (डीएफएस) और बैंक प्रबंधन के साथ लगातार वार्ता हुई। 22 सितंबर को हुई अंतिम वार्ता भी निष्फल रहने के बाद तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का निर्णय लिया गया।
बैंककर्मी प्रदर्शन करते हुए कचहरी से नदेसर स्थित इंडियन बैंक तक गए। वहां प्रदर्शन में स्टेट बैंक आफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन, वाराणसी परिक्षेत्र के उपमहामंत्री मनोज सिंह, यूएफबीयू सह-संयोजक संजय शर्मा, अरुण कुमार, अमरेंद्र कुमार, पंकज कुमार, पंकज राय, अभय मिश्रा, रघुवर तिवारी रजनीलता, शिल्पी सेठ और उपासना सोनी समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी शामिल रहे। । Bankers Protest







