BNP NEWS DESK। Asian Games आइची-नागोया में चल रहे 20वें एशियाई खेलों की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में भारत के लिए मंगलवार का दिन बेहद शानदार रहा। नागोया में बारिश के बीच भारत ने एक स्वर्ण सहित पांच पदक अपने नाम किए। भारत इन खेलों में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में अब तक 24 पदक जीत चुका है, जिनमें एक स्वर्ण, नौ रजत और 14 कांस्य शामिल हैं यानी आधे से ज्यादा पदक एथलेटिक्स में मिले। इसके साथ ही एथलेटिक्स में भारत का अभियान समाप्त हो गया।
खत्म हुआ स्वर्ण का इंतजार
भारत की किरण पहल, पूवम्मा माचेतिरा, प्राची और विथ्या रामराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई खेलों में मंगलवार को महिलाओं की 4×400 मीटर में स्वर्ण जीता जो इन खेलों में एथलेटिक्स में भारत का पहला स्वर्ण है। भारतीय टीम ने तीन मिनट 29.69 सेकेंड का समय निकाला।
बहरीन दूसरे और चीन तीसरे स्थान पर रहा। इससे पहले गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, स्नेहा सत्यनारायण और हरिता भद्रा ने 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले फाइनल में सत्र का सर्वश्रेष्ठ 41.06 सेकेंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता।
चीन को स्वर्ण और थाईलैंड को रजत पदक मिला। वहीं पुरुषों की की 4×400 मीटर रिले में विशाल, धर्मवीर, मनु और राजेश ने जीता कांस्य पदक जीता। वहीं भारत के देव कुमार मीणा ने पुरुषों के पोल वाल्ट में राष्ट्रीय रिकार्ड बनाते हुए 5.50 मीटर का प्रयास किया लेकिन सातवें स्थान पर रहे। महिलाओं की 800 मीटर में पूजा ओल्ला और पुरुष वर्ग में मोहम्मद अफजल क्रमश: सातवें और आठवें स्थान पर रहे।
गुलवीर का ऐतिहासिक प्रदर्शन, लगाई पदकों की हैटट्रिक
भारत के लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने एशियाई खेलों में अपनी शानदार फार्म जारी रखते हुए पुरुषों की 5000 मीटर रेस में 13 मिनट 32.75 सेकेंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता जो इन खेलों में उनका तीसरा पदक था।
गुलवीर ने इससे पहले पुरुषों की 1500 मीटर और 10000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था। इसके साथ ही वह ट्रैक और फील्ड स्पर्धा में एक ही एशियाई खेलों में तीन पदक जीतने वाले भारत के दूसरे पुरुष और कुल चौथे खिलाड़ी बन गए हैं।
इससे पहले 1951 में दिल्ली में हुए पहले एशियाई खेलों में भारत के लेवी पिंटो ने 100 मीटर, 200 मीटर में स्वर्ण और चार गुणा 100 मीटर रिले में रजत पदक जीता था। वहीं पीटी उषा ने सियोल में 1986 एशियाई खेलों में चार स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था।
मध्यम दूरी की धाविका के एम बीनामोल ने 2002 बुसान एशियाई खेलों में तीन पदक जीते थे। पुरुषों की 5000 मीटर स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकार्डधारी गुलवीर ने 2026 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था। वह राष्ट्रमंडल खेलों में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष बने।
पूजा ने ऊंची कूद में खत्म किया 24 साल का सूखा
इस बीच, पूजा ने महिलाओं की ऊंची कूद कांस्य पदक जीतकर 24 साल के सूखे को समाप्त कर दिया। फाइनल में पूजा ने 1.84 मीटर की छलांग के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1.93 मीटर की जंप के साथ सहाना कुमारी का 14 साल पुराना नेशनल रिकार्ड तोड़ने वालीं 19 वर्षीय पूजा मंगलावर को फाइनल में 1.84 मीटर की जंप के बाद बढ़त बनाए हुए थीं, लेकिन तीन कोशिशों के बावजूद 1.87 मीटर की ऊंचाई पार नहीं कर सकीं, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक मिला। यह एशियाई खेलों में महिलाओं की ऊंची कूद भारत का पहला कांस्य पदक है। इससे पहले बाबी एलायसियस ने 2002 में रजत पदक जीता था। पूजा से पहले सोमवार को सर्वेश कुशारे ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक जीता था।







