BNP NEWS DESK। Anant Singh बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी बुधवार को पटना जिले में उनके पैतृक गांव नदवां में हुई। इसके लिए 15 एकड़ (25 बीघे) में पंडाल बनाया गया था। सुबह से देर रात तक गांव में लोगों की भीड़ उमड़ती रही।
10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई
Anant Singh नतीजा यह हुआ कि समारोह स्थल तक पहुंचने वाली सड़कों पर आठ से 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का काफिला भी जाम में फंसा रहा। कई लोगों को वाहन छोड़कर पैदल और खेतों के रास्ते समारोह स्थल तक पहुंचना पड़ा। विधायक के अनुसार, चार लाख से अधिक लोगों के भोजन का इंतजाम किया गया था। इसके लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए थे।
हेलीकाप्टर से आए मेहमान, ट्रैक्टर से पहुंचे बृजभूषण
अतिथियों के लिए गांव में तीन हेलीपैड बनाए गए थे। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मंत्री रामकृपाल यादव और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई विशिष्ट अतिथि पहुंचे। उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी हेलीकाप्टर से पहुंचे, लेकिन समारोह स्थल तक जाने के लिए उन्हें ट्रैक्टर का सहारा लेना पड़ा। रास्ते में भीड़ के कारण वाहनों की आवाजाही मुश्किल थी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैक्टर पर बैठना पड़ा। Anant Singh
भीड़ ने रोक दी घुड़दौड़ की रफ्तार
समारोह में घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग जुटे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि प्रतियोगिता बीच में ही रोकनी पड़ी। कुछ दर्शक बेहतर नजारा देखने के लिए बिजली के टावर पर चढ़ गए। अब प्रतियोगिता गुरुवार को आयोजित होगी। कार्यक्रम की शुरुआत कव्वाली से हुई, जबकि भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक मेहमानों को झुमाया।
151 गाड़ियों के साथ पहुंची बरात, देर रात जयमाला
देर शाम बिहटा से दूल्हा ऋषिकेश 151 गाड़ियों के काफिले के साथ नदवां पहुंचे। बरात देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ लगी रही। देर रात जयमाला की रस्म संपन्न हुई। वर ऋषिकेश ने वधु शिवांगी को वरमाला पहनाई। Anant Singh







