BNP NEWS DESK। Oscars Ramayana निर्देशक नितेश तिवारी की पौराणिक फिल्म ‘रामायण: राइज आफ ए लेजेंड’ ने 99वें अकादमी पुरस्कार (आस्कर) के विजुअल इफेक्ट्स वर्ग में शीर्ष 20 दावेदार फिल्मों में जगह बना ली है। इसके साथ ही फिल्म ‘ड्यून: पार्ट थ्री’, ‘द ओडिसी’ और ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ जैसी बड़ी हालीवुड फिल्मों की दौड़ में शामिल हो गई है।
सूची की आधिकारिक घोषणा नहीं
Oscars Ramayana फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। हालांकि, अकादमी आफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने अभी तक इस सूची की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। फिल्म उद्योग से जुड़ी कई रिपोर्टों के अनुसार, अकादमी की विजुअल इफेक्ट्स शाखा ने चयनित 20 फिल्मों के कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को इसकी जानकारी दी है। शीर्ष 20 फिल्मों में क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’, डेनिस विलेन्यूव की ‘ड्यून: पार्ट थ्री’, ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’, ‘डिस्क्लोजर डे’ और ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ भी शामिल हैं।
‘रामायण’ का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मान्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से किया है। लंदन स्थित डीएनईजी विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो अब तक आठ आस्कर जीत चुका है। इसने ‘इंसेप्शन’, ‘इंटरस्टेलर’ और ‘ड्यून’ जैसी फिल्मों में काम किया है।
‘आरआरआर’ भी शामिल हुई थी
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ भी विजुअल इफेक्ट्स श्रेणी की शीर्ष 20 फिल्मों में शामिल हुई थी, हालांकि वह अंतिम नामांकन तक नहीं पहुंच सकी। फिल्म के गीत ‘नाटू नाटू’ ने सर्वश्रेष्ठ मौलिक गीत का आस्कर जीता था। 99वें ऑस्कर पुरस्कारों के लिए अंतिम नामांकन की घोषणा 21 जनवरी को होगी, जबकि पुरस्कार समारोह 14 मार्च को आयोजित किया जाएगा। Oscars Ramayana







