BNP NEWS DESK। Olympic 2036 ओलिंपिक खेलों 2036 की मेजबानी के लिए भारत गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति (आइओसी) के फ्यूचर होस्ट कमीशन (भावी मेजबान चयन आयोग) के समक्ष आनलाइन अपना दावा पेश करेगा, जहां उसे छह अन्य देशों से टक्कर मिलेगी। भारत इस दौरान वैश्विक खेल आयोजनों के सफल संचालन के अपने समृद्ध अनुभव और हाल के वर्षों में विकसित आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे के दम पर अंतरराष्ट्रीय संस्था को प्रभावित करने का प्रयास करेगा।
भारत को छह अन्य देशों से मिलेगी टक्कर
Olympic 2036 भारत को ओलिंपिक की मेजबानी के लिए जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये से चुनौती मिल रही है। इस तरह कुल सात देश 2036 ओलिंपिक की मेजबानी की दावेदारी पेश कर रहे हैं।
भारतीय दल का प्रतिनिधित्व केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलिंपिक संघ (आइओए) की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा, आइओए एथलीट आयोग की प्रमुख एवं दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, गुजरात के खेल मंत्री हर्ष सांघवी और आइओए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रघुराम अय्यर सहित अन्य अधिकारी करेंगे। इस प्रस्तुति में भारत के पूर्व रिकार्ड के साथ-साथ अहमदाबाद की तैयारियों को भी प्रमुखता दी जाएगी।
अहमदाबाद को वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी
संभावित मेजबान शहर अहमदाबाद को वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी पहले ही मिल चुकी है। ऐसे में 2036 ओलिंपिक के आयोजन तक यहां बड़े पैमाने पर आधुनिक खेल सुविधाएं और बुनियादी ढांचा पूरी तरह विकसित हो जाने की उम्मीद है। इसके अलावा गुजरात का यह शहर वर्ष 2029 में द्विवार्षिक विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों की भी मेजबानी करेगा। Olympic 2036
भारत ने जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच 15 से अधिक शहरों में 36 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया है। इसके अलावा वर्ष 2027 और 2028 में होने वाली 19 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के अधिकार भी भारत हासिल कर चुका है।
मामले से जुड़े एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि हमारी जानकारी के मुताबिक, अब तक केवल तुर्किये ने आइओसी के समक्ष अपनी प्रस्तुति दी है। हमारा जोर देश की बढ़ती क्षमताओं, नवनिर्मित बुनियादी ढांचे और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के पिछले रिकार्ड को सामने रखने पर होगा। Olympic 2036







