BNP NEWS DESK। ITR आयकर विभाग ने सोमवार को बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की आय के लिए अब तक सात करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न (आइटीआर) दाखिल हो चुके हैं। आइटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर थी। इस बीच बड़ी संख्या में इंटरनेट मीडिया यूजर्स ने आइटीआर पोर्टल में तकनीकी समस्याओं की शिकायत की और समय सीमा बढ़ाने की मांग की।
ITR आयकर विभाग ने बताया कि अंतिम तिथि को देखते हुए ई-फाइलिंग पोर्टल पर भारी ट्रैफिक देखा गया है। हालांकि, विभाग ने व्यक्तियों, हिंदू अविभाजित परिवार (एचयूएफ) और खातों के आडिट से छूट प्राप्त लोगों के लिए आइटीआर दाखिल करने की समय सीमा बढ़ाने का कोई संकेत नहीं दिया है। पिछले वित्त वर्ष में बिना जुर्माना आइटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई थी। तब तय समयसीमा तक 7.28 करोड़ आइटीआर दाखिल हुए थे।
कई चार्टर्ड अकाउंटेंट और लोगों ने पिछले कुछ दिनों में इंटरनेट मीडिया पर दावा किया था कि आइटी पोर्टल कर भुगतान और वार्षिक सूचना विवरण (एआइएस) डाउनलोड करते समय तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा रहा है। सोमवार को कई इंटरनेट मीडिया यूजर्स ने ई-फाइलिंग पोर्टल पर लाग-इन नहीं होने की शिकायत भी की।
14 सितंबर की रात को आयकर विभाग ने एक एक्स पोस्ट में आइटीआर दाखिल करने की समयसीमा बढ़ाने संबंध बयान को फर्जी करार दिया था और करदाताओं से केवल @IncomeTaxIndia पर आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करने का अनुरोध किया था। आइटीआर अपलोड करने और कर भुगतान में समस्याओं संबंधी दावा करने वाली एक एक्स पोस्ट का जवाब देते हुए विभाग ने कहा कि ई-फाइलिंग पोर्टल सही ढंग से काम कर रहा है।
कृपया अपने ब्राउजर का कैचे साफ करें या किसी अन्य ब्राउजर के माध्यम से पोर्टल तक पहुंचने का प्रयास करें। विभाग ने लोगों से अपने विवरण (पैन और मोबाइल नंबर के साथ) orm@cpc.incometax.gov.in पर साझा करने का भी अनुरोध किया।
















Discussion about this post