BNP NEWS DESK। Indias MedaI जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने सोमवार को पदकों की झड़ी लगा दी। भारत ने मौजूदा खेलों में एक दिन में सर्वाधिक आठ पदक अपने नाम किए। हालांकि, भारत स्वर्ण पदक जीतने में असफल रहा। इससे पहले, शनिवार और रविवार को भारत ने एक दिन में सात-सात पदक जीते थे। भारतीय खिलाड़ियों ने निशानेबाजी, एथलेटिक्स, कुराश और भाला फेंक में पदक हासिल किए। इनमें चार रजत और चार कांस्य पदक शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 45 हो गई है और वह पदक तालिका में 12वें स्थान पर है।
ईशा को रजत पदक
निशानेबाजी में ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक के लिए चीन की शियाओ जियारुईशुआन के साथ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
विथ्या ने तोड़ा पीटी उषा का रिकार्ड
महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में विथ्या रामराज ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने 54.75 सेकेंड का समय निकालकर महान धाविका पीटी उषा का चार दशक से अधिक पुराना राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ दिया। उषा ने 1984 के लास एंजिलिस ओलिंपिक में 55.42 सेकेंड का समय निकाला था।
मुक्केबाजी में तीन और पदक पक्के
मुक्केबाजी में ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा) और कपिल पोखरिया (90 किग्रा) ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के तीन और पदक पक्के कर दिए। इससे पहले परवीन हुड्डा (65 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और नरेंदर बरवाल (90 किग्रा से अधिक) भी अपने-अपने वर्ग में सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक सुनिश्चित कर चुके हैं।
– ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत में रजत पदक जीता
– गुलवीर सिंह ने पुरुषों के 1500 मीटर फाइनल में रजत पदक जीता
– विथ्या रामराज ने महिला 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता
– कुराश खिलाड़ी पिंकी बलहारा ने महिलाओं के 78 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता
– पारुल चौधरी ने महिलाओं के 5000 मीटर फाइनल में कांस्य पदक जीता
– भाला फेंक फाइनल में यश वीर सिंह ने रजत और रोहित यादव ने कांस्य पदक जीता
– श्रीशंकर मुरली ने पुरुषों की लंबी कूद में रजत पदक अपने नाम किया
पदक तय
मुक्केबाज लवलीना, प्रिया, कपिल ने सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के किए
45 पदक भारत ने जीते हैं एशियाई खेल 2026 में, जिसमें चार स्वर्ण, 20 रजत और 21 कांस्य पदक शामिल Indias MedaI







