आधुनिकता और परंपरा का संवाद: हबीब तनवीर का रंगमंच

SHARE:

HABIB TANVEER

BNP NEWS DESK।  HABIB TANVEER आधुनिकता की वैचारिक चेतना के साथ एक गहरा द्वंद्व भी जन्मा—एक ऐसा वैचारिक ढाँचा, जो आधुनिकता और परंपरा को परस्पर विरोधी ध्रुवों के रूप में प्रस्तुत करता रहा। इस दृष्टिकोण ने इन दोनों अवधारणाओं के संबंध को प्रायः ‘आधुनिकता बनाम परंपरा’ के संकीर्ण चश्मे से देखा और आँका। किंतु कुछ ऐसे भी सर्जनशील विचारक, कलाकार और दार्शनिक हुए, जिन्होंने इस कृत्रिम बाइनरी को न केवल चुनौती दी, बल्कि अपने चिंतन और सृजन से आधुनिकता और परंपरा के बीच सार्थक संवाद की संभावना को सजीव रूप दिया। उन्होंने यूरोकेन्द्रित आधुनिकता की सीमाओं के पार जाकर वैकल्पिक आधुनिकताओं की राहें तलाशी और गढ़ी।

एक दूरद्रष्टा और प्रयोगशील रंगकर्मी

 

HABIB TANVEER  हबीब तनवीर ऐसे ही एक दूरद्रष्टा और प्रयोगशील रंगकर्मी थे, जिन्होंने अपने रंगकर्म के माध्यम से आधुनिक रंगमंच और परंपरा—विशेषतः लोक परंपरा—के मध्य एक रचनात्मक संवाद की भूमि तैयार की। उन्होंने न केवल स्थापित रंग परिपाटियों को प्रश्नांकित किया, बल्कि रंगमंच के भीतर अपने लिए एक वैकल्पिक विन्यास की खोज भी की, जिसमें लोक और शास्त्र, परंपरा और नवाचार, स्वदेशी और आधुनिक—सभी एक साथ सह-अस्तित्व में दिखाई देते हैं।

अपनी शर्तों पर आधारित रंगपथ चुना

 

अमितेश कुमार ने अपनी पुस्तक ‘वैकल्पिक विन्यास: आधुनिक हिंदी रंगमंच और हबीब तनवीर का रंगकर्म’ में हबीब तनवीर के इसी रचनात्मक संघर्ष और प्रयोगशीलता का विश्लेषण किया है। रंगमंच की स्थापित संस्थाओं—जैसे कि रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामैटिक आर्ट से प्राप्त औपचारिक प्रशिक्षण के बावजूद, तनवीर ने एक ऐसा रंगपथ चुना, जो उनकी अपनी शर्तों पर आधारित था। यह यात्रा आसान नहीं थी। इसमें अस्वीकृति थी, विफलताएँ थीं, आलोचनाएँ और उपेक्षाएँ भी। फिर भी उनके भीतर लोकजीवन के सौंदर्य, लय और आत्मा को रंगमंच में समाहित करने का जो एक अविचल संकल्प था—वही उन्हें ‘टोटल थिएटर’ की उस परिकल्पना के निकट ले गया, जहाँ रंगकला जीवन की अनुगूंज बन जाती है।  HABIB TANVEER

 

हबीब तनवीर का रंगमंच आधुनिक होते हुए भी सांस्कृतिक समरूपता थोपने वाली वैश्विक आधुनिकता के विरुद्ध एक सशक्त प्रतिवाद है। वे आधुनिकता के भीतर से एक स्वदेशी, समावेशी और बहुलतावादी सौंदर्यशास्त्र की खोज करते हैं। उनके नाटकों में लोक न केवल विषय बनकर आता है, बल्कि उसकी अभिव्यक्ति का माध्यम भी लोक-कलाकार ही होते हैं। वे अपनी अलग रंगभाषा, रंगसंगीत और प्रस्तुति शिल्प का निर्माण करते हैं—जिसमें देहात, आंचलिकता और जीवन की सहज रंगबुनावट को अपनाया जाता है। यही कारण है कि ‘आगरा बाज़ार’ या ‘चरनदास चोर’ जैसे नाटक महज़ नाट्यप्रस्तुतियाँ नहीं, बल्कि एक लोक-उत्सव में बदल जाते हैं—जहाँ हर संवाद, हर गीत, हर हाव-भाव, जीवन की मिट्टी से उठकर आता है।

अमितेश की पुस्तक इस बात को भी रेखांकित करती है कि हबीब तनवीर की रंगयात्रा केवल सफल नाटकों तक सीमित नहीं थी। वे उन नाटकों की भी चर्चा करते हैं जो मंच पर सफल नहीं हो सके—पर जिनमें तनवीर की प्रयोगधर्मिता और रंग-संकल्प की स्पष्ट छवियाँ मौजूद हैं। उनके रंगकर्म की यह ईमानदारी—सफलता और विफलता दोनों को समान भाव से अंगीकार करने की कला—उन्हें समकालीन भारतीय रंगमंच का एक अद्वितीय हस्ताक्षर बनाती है।

हबीब तनवीर का रंगमंच एक ही साथ विरोध, प्रयोग, परंपरा और परिवर्तन का जीवंत संगम है—जहाँ नाट्यकला केवल कला नहीं, बल्कि विचार और सामाजिक संवाद का माध्यम बन जाती है।

BNPNEWS
Author: BNPNEWS

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather