BNP NEWS DESK। Salman Khurshid कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने भारत जोड़ो यात्रा कर रहे सांसद राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से की। उन्होंने कहा कि भगवान राम की खड़ाऊ बहुत दूर तक जाती हैं। कभी-कभी जब कहीं नहीं पहुंच पाते हैं तो भरत उनकी खड़ाऊ लेकर उन स्थानों पर जाते हैं। इसी तरह उनके खड़ाऊ लेकर हम यूपी में आए हैं। अब वह खड़ाऊ यूपी में आ गए हैं तो राम जी (राहुल गांधी) भी आएंगे।
राहुल गांधी को सुपरह्यूमन भी बताया
Salman Khurshid ने इसके बाद राहुल गांधी को सुपरह्यूमन भी बताया। उन्होंने कहा- जब हम ठंड में ठिठुर रहे हैं और जैकेट पहन रहे हैं, वह टी-शर्ट में देशभर की यात्रा कर रहे हैं। राहुल गांधी एक योगी की तरह हैं जो अपनी ‘तपस्या’ पूरे ध्यान से कर रहे हैं।
बता दें कि खुर्शीद सोमवार को यूपी के अमरोहा में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर मीडिया से बात कर रहे थे। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी को यूपी के गाजियाबाद से फिर शुरू होगी। यात्रा फिलहाल 9 दिन के ब्रेक पर दिल्ली में है।
दुखी मन से विभाजन का निर्णय स्वीकार करना पड़ा
सलमान खुर्शीद व प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि कांग्रेस पर देश के बंटवारे का आरोप वह पार्टी लगा रही है, जिसके किसी भी नेता ने देश की आजादी के लिए एक डंडा तक नहीं खाया। हमको हर हाल में आजादी चाहिए थी, इसलिए दुखी मन से विभाजन का निर्णय स्वीकार करना पड़ा।
हमको देश के विभाजन का दुख है, लेकिन किसी भी हालत में आजादी चाहिए थी। इसलिए मजबूरी में बंटवारे को मंजूर करना पड़ा। पूर्व विदेश मंत्री ने भाजपा पर देश के लोगों का मन बांटने का आरोप लगाया।
कहा कि जब देश के लोगों को जाति, समाज और समूह में बांट दिया जाएगा तो देश एक कहां रह जाएगा, जबकि कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती है। हमारे नेता राहुल गांधी इसी मकसद से भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। जिसको पूरे देश में अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी देश भक्त है, वह कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ रहा है।








