BNP NEWS DESK। Banke Bihari ठाकुर बांकेबिहारी की वर्ष में केवल एक बार जन्माष्टमी पर होने वाली मंगला आरती दर्शन की पहली बार लाइव स्ट्रीमिंग कराई जाएगी। इस व्यवस्था से श्रद्धालु न केवल मंदिर के बाहर लगी एलईडी पर दर्शन कर सकेंगे अपितु वेबसाइट के जरिये मोबाइल व टीवी पर भी देख सकेंगे। मंदिर परिसर में मात्र 600 श्रद्धालु रात्रि एक बजकर 55 मिनट पर होनेवाली यह आरती देख सकेंगे।
19 अगस्त, 2022 की रात जन्माष्टमी पर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के दौरान भगदड़ में दो श्रद्धालु की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद शासन और प्रशासन ने जिला प्रशासन ने मंगला आरती में प्रांगण में श्रद्धालुओं की संख्या सीमित कर दी थी।
ऐसे में लाखों श्रद्धालुओं को रातभर मंदिर के बाहर डेरा डालने पर भी मंगला आरती के दर्शन नहीं हो पाते थे। आरती के बाद ही उन्हें मंदिर में दर्शन के लिए प्रवेश मिलता था। लेकिन, इस बार मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति द्वारा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की रात मंगला आरती दर्शन की लाइव स्ट्रीमिंग कराई जा रही है।
इसके कारण मंदिर के चारों ओर रातभर दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्क्रीन पर मंगला आरती के दर्शन लाइव होंगे। वहीं, देश-दुनिया में बैठे बांकेबिहारीजी के भक्त मंदिर की वेबसाइट पर भी मंगला आरती के दर्शन घर बैठ कर सकेंगे। समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार के अनुसार पिछले वर्ष की भांति इस बार भी 600 श्रद्धालुओं को ही मंदिर में मंगला आरती के दौरान प्रवेश मिलेगा।







