BNP News Desk। Congress President Election अशोक गहलोत दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद गुरुवार को केरल जाएंगे, जहां राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होंगे। यात्रा में हिस्सा लेने के साथ ही राहुल गांधी से अध्यक्ष बनने की गुहार लगायेंगे।
Congress President Election का चुनाव लड़ने का स्पष्ट संकेत देने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को सोनिया गांधी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि सोनिया गांधी से उनकी मुलाकात के दौरान अध्यक्ष पद के चुनाव से जुड़े विषयों पर ही मुख्य रूप से चर्चा हुई है।
मुलाकात से पहले अशोक गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का स्पष्ट संकेत दिया और कहा कि पार्टी के लोगों का जो फैसला होगा, उसे वह मानेंगे। गहलोत ने यह भी कहा कि वह कोच्चि जाकर राहुल गांधी को इस बात के लिए मनाने का आखिरी प्रयास करेंगे कि वह पार्टी अध्यक्ष का पद संभालें। उनका कहना था कि राहुल गांधी से बातचीत करने के बाद ही वह तय करेंगे कि आगे क्या करना है।
गहलोत ने रखी ये शर्त
गहलोत के करीबी सूत्रों के मुताबिक़, वह आखिरी वक़्त तक राहुल गांधी को मनाने की कोशिश करेंगे, लेकिन अगर राहुल नहीं मानें तो गहलोत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गहलोत ने भी शर्त रख दी है कि फिर राजस्थान का मुख्यमंत्री सचिन पायलट को नहीं बल्कि सी पी जोशी को बनाया जाए। सीपी जोशी इस समय राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए शशि थरूर ने भी ठोका ताल
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पहले ही संकेत दे दिया है कि वह अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। थरूर ने यहां कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री से मुलाकात की।
19 अक्टूबर को मिल जाएगा कांग्रेस को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।






