BNP NEWS DESK। Suvendu Adhikari बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने करीब छह साल बाद तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के पीछे की वजह बताई है। उनका दावा है कि पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत प्रणब मुखर्जी की सलाह पर उन्होंने ममता बनर्जी की पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था।
Suvendu Adhikari शुभेंदु ने कहा कि प्रणब मुखर्जी के राष्ट्रपति बनने के बाद वह उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे। उसी समय उन्होंने सलाह दी थी कि यदि खुद के दम पर आगे बढ़ना है तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस बुआ- भतीजे की पार्टी है। काफी हद तक एक निजी कंपनी की तरह है। मैं वहां कार्यकर्ता बनकर नहीं रहना चाहता था, इसलिए बाहर निकल आया। शुभेंदु ने कहा कि प्रणब अब इस दुनिया में नहीं हैं और इस बारे में ज्यादा बोलने से विवाद पैदा हो सकता है।
मंगलवार शाम एक प्रमुख अंग्रेजी आर्थिक समाचार पत्र द्वारा आयोजित ‘बंगाल एसेंड्स’ सम्मेलन में शुभेंदु ने कहा कि प्रणब मुखर्जी उनके असली सलाहकार और अभिभावक थे।
मालूम हो कि 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव से कुछ माह पहले शुभेंदु ने मंत्री पद छोड़ने के साथ 16 दिसंबर 2020 को तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उसी वर्ष दिसंबर में अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा में भाजपा में शामिल हो गए थे। Suvendu Adhikari
2009 के चुनाव में भी प्रणब ने किया था समर्थन
मुख्यमंत्री ने 2009 के लोकसभा चुनाव का भी उल्लेख किया, जब उन्होंने तृणमूल के टिकट पर तमलुक सीट से चुनाव जीतकर पहली बार संसद में प्रवेश किया था। उस समय तृणमूल और कांग्रेस के बीच गठबंधन था। शुभेंदु के अनुसार, प्रणब मुखर्जी उनके समर्थन में पुरुलिया से हेलीकाप्टर से महिषादल पहुंचे थे।
वहां उन्होंने लोगों से शुभेंदु को जिताने की अपील करते हुए कहा था कि वह उन्हें तमलुक की जनता को सौंपकर जा रहे हैं और शुभेंदु कभी लोगों के साथ विश्वासघात नहीं करेंगे। शुभेंदु ने यह भी बताया कि तृणमूल के गठन से पहले प्रणब जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने थे, तब उन्होंने अपने कोटे से शुभेंदु को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का सदस्य बनाया था।
कांग्रेस नेताओं ने जताई असहमति
प्रणब की सलाह को लेकर कांग्रेस नेताओं ने असहमति जताई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा कि प्रणब मुखर्जी जैसे वरिष्ठ नेता ने यदि ऐसी सलाह दी थी तो उनके जीवित रहते इसका राजफाश होना चाहिए था। तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने इस बातचीत पर टिप्पणी करने से इन्कार किया। Suvendu Adhikari







