BNP NEWS DESK। Under-19 Asia Cupभारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हो और रोमांच आखिरी गेंद तक न पहुंचे, ऐसा कम ही देखने को मिलता है। अंडर-19 एशिया कप का फाइनल भी कुछ ऐसा ही रहा। हालांकि पाकिस्तान की मजबूत स्थिति और लगभग एकतरफा हो चुके मैच को देखते हुए कई भारतीय दर्शकों ने निराश होकर शायद टीवी बंद भी कर दिया होगा, लेकिन जब उन्हें मैच का नतीजा पता चला होगा, तो उनकी हैरानी की सीमा नहीं रही होगी।
तभी तो क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल भी कहा जाता है। जहां आखिरी गेंद पर भी बाजी पलट सकती है और ओमान में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय धुरंधर बाल वीरों ने कुछ ऐसा ही किया। मैच की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर पाकिस्तान को पस्त कर दिया। जो लोग यह रोमांच नहीं देख पाए होंगे वे फिर से मैच देखने पर विवश हुए होंगे। बाल दिवस के खास मौके पर भारतीय युवा खिलाड़ियों ने देश को यादगार जीत का तोहफा दिया।
भारत ने गत चैंपियन पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीत लिया। इस जीत में सबसे बड़ी बात यह रही कि भारतीय टीम ने पाकिस्तान से पिछली हार का बदला भी ले लिया।
नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम रखा
पिछले संस्करण के खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराया था। भारतीय टीम ने नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बार चैंपियन बनने का रिकार्ड भी भारत के नाम है। ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल में पाकिस्तान ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रारंभिक बल्लेबाज उस्मान खान ने 107 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग की शानदार बल्लेबाजी
वहीं, अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान अरहान यूसुफ ने 63 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आखिरी गेंद तक हार नहीं मानी। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाए।
लक्ष्य ने 80 रन बनाए, जबकि आर्यवीर ने 58 रन का योगदान दिया। इसके अलावा मनल चौहान ने 47 रन की उपयोगी पारी खेली। वहीं, मोहित उल्वा 49 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों बल्लेबाज अपने अर्धशतक से जरूर चूक गए। मोहित ने पारी की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर भारत को जीत दिलाई।
सर्वाधिक खिताब जीतने वाली टीमें
देश, खिताब
भारत, 9
पाकिस्तान, 2
बांग्लादेश, 2
अफगानिस्तान, 1







