BNP NEWS DESK उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से कूच बिहार ट्राफी के लिए घरेलू मैदान में होने वाले तीन मैचों के आयोजन स्थल की रूपरेखा लगभग तय कर ली है। इस सीजन में पहली बार वाराणसी के नए स्टेडियम को भी यूपीसीए ने बोर्ड ट्राफी के दो मुकाबले देने की योजना बनाई है। पुडुचेरी व छत्तीसगढ़ के खिलाफ उत्तर प्रदेश की टीम नए स्टेडियम में उतर सकती है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) की पिच व ग्राउंड कमेटी की हरी झंडी के बाद यूपीसीए आयोजन स्थल की घोषणा करेगा, जो इसी सप्ताह वाराणसी का दौरा करेगी।
यूपी की टीम पुडुचेरी और छत्तीसगढ़ के साथ मैच खेलेगी
यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि कूच बिहार ट्राफी की शुरुआत 26 से 29 नवंबर तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में गुजरात से होने वाले मुकाबले से होगी। नए सीजन में उत्तर प्रदेश को तीन मुकाबले घरेलू ओर दो दूसरे राज्यों के मैदान में खेलने का शेड्यूल बनाया गया है। इन चार दिवसीय मुकाबलों के लिए प्रदेश की अंडर-19 टीम (कूच बिहार ट्राफी) के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की खोज की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नए सीजन में प्रदेश भर के स्टेडियम में मैच कराने की तैयारी है। इसी क्रम में वाराणसी के नए स्टेडियम को मेजबानी देने पर निर्णय हुआ है। पुडुचेरी के खिलाफ मुकाबला तीन से छह दिसंबर तक खेला जाएगा। इसी प्रकार, छत्तीसगढ़ के साथ 11 से 14 दिसंबर तक खेला जाएगा। ट्राफी के लीग मैचों के बाद नाकआउट मुकाबले तीन जनवरी से 30 जनवरी, 2027 तक कर्नाटक में खेले जाएंगे।
तीस हजार दर्शक एक साथ देख सकेंगे मैच
राजातालाब क्षेत्र के गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से 30 एकड़ में बने स्टेडियम में 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है।
जरूरत पड़ने पर दर्शक क्षमता 40 हजार तक बढ़ाई जा सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को स्टेडियम की आधारशिला रखी थी। अभी इसका लोकार्पण होना शेष है। इससे पहले घरेलू मैच का कार्यक्रम लगभग फाइनल हो चुका है।
मैदान में दिखेंगे डमरू-त्रिशूल समेत काशी के प्रतीक
स्टेडियम की वास्तुकला में काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को विशेष स्थान दिया गया है। स्टेडियम के उत्तरी पवेलियन में डमरू की आकृति वाला मीडिया और प्रसारण केंद्र बनाया गया है। इसके सामने के हिस्से में पैनलिंग का काम चल रहा।
करीब 2000 वर्गफीट का ब्राडकास्ट रूम है। सैटेलाइट अपलिंक के लिए 20×20 फीट और 12×12 फीट के कमरे बनाए गए हैं। स्टेडियम में चार फ्लड लाइट टावर भगवान शिव के त्रिशूल के आकार में बनाए गए हैं। इनकी ऊंचाई 65 मीटर है।
फ्लडलाइट से रात में भी मैदान पर पर्याप्त रोशनी रहेगी। इससे यहां दिन और रात दोनों समय मुकाबले कराए जा सकेंगे। छत चंद्राकार है। दर्शक दीर्घा गंगा घाट की सीढ़ियों जैसी है। कैंटीन और शौचालय भी हैं।
नौ पिचों पर तैयार हुआ मुख्य मैदान
स्टेडियम के मुख्य मैदान में नौ पिचें बनाई गई हैं। इनमें चार लाल मिट्टी, तीन काली मिट्टी और दो मिश्रित मिट्टी की हैं। लाल मिट्टी महाराष्ट्र और काली मिट्टी ओडिशा से मंगाई गई है। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग अभ्यास मैदान और नेट पिचें भी बनाई गई हैं। मैदान में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था है, जिससे बारिश के बाद पानी निकालने में कम समय लगेगा।
खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम और चिकित्सा कक्ष
खिलाड़ियों के लिए अलग ड्रेसिंग रूम और चेंजिंग रूम बने हैं। प्राथमिक उपचार के लिए विशेष कक्ष है। मैच अधिकारियों के लिए अलग स्थान और मैदान प्रबंधन से जुड़े कक्ष भी हैं। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग मैदान और नेट पिचें हैं।







