BNP NEWS DESK। BHU Vice-Chancellor काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के नाम और पद का इस्तेमाल कर साइबर ठगों ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बना लिया है। इस अकाउंट के जरिये लोगों को सस्ते फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान का लालच देकर पैसे मांगने का मामला सामने आया है। ठगों ने भरोसा जीतने के लिए कुलपति के एक कथित दोस्त के सीआरपीएफ अधिकारी होने की कहानी भी गढ़ी है।
बीएचयू प्रशासन ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से किया सतर्क
फर्जी अकाउंट से भेजे जा रहे संदेश में दावा किया जा रहा है कि संतोष कुमार नाम के उनके दोस्त सीआरपीएफ में अधिकारी हैं। उनका दूसरे राज्य में तबादला हो गया है, इसलिए वह अपने घर का फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेहद कम कीमत पर बेचना चाहते हैं। सामान अच्छी स्थिति में होने की बात कहकर लोगों को खरीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस बहाने भुगतान की मांग की जा रही है। कुलपति के नाम और पद की आड़ में लोगों का विश्वास हासिल कर ठगी की कोशिश की जा रही है।
प्रशासन ने फेसबुक पर जारी किया अलर्ट
मामले की जानकारी मिलने के बाद बीएचयू प्रशासन ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से फेक अकाउंट अलर्ट जारी किया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाया गया है, जिसके माध्यम से लोगों से निजी जानकारियां और आर्थिक मदद मांगी जा रही है। विश्वविद्यालय परिवार और आमजन को ऐसे अकाउंट से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने कहा है कि किसी भी सूरत में अपनी निजी जानकारी साझा न करें और न ही कोई भुगतान करें। संदिग्ध अकाउंट की प्रामाणिकता जांचने के साथ ही उसे रिपोर्ट करने की अपील की गई है। किसी तरह का संदेह होने पर बीएचयू के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर डायरेक्ट मैसेज करके भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। BHU Vice-Chancellor







