BNP NEWS DESK। Weather Report आते-जाते बादलों ने बढ़ते तापमान की गति को प्रभावित किया तो तापमान बीते 24 घंटों की अपनी अधिकतम सीमा नहीं पार कर सका, फिर भी आर्द्रता व सूरज की किरणों के गठबंधन ने ऐसी उष्मा उत्पन्न किया कि आभासी तापमान वास्तविक से पांच-छह डिग्री अधिक गर्मी का आभास कराता रहा। पूरे दिन लोग पसीने से तर-बतर रहे। चिलचिलाती धूप चमड़ी झुलसाती रही।
बनारस बांदा, प्रयागराज के बाद तीसरा सबसे गर्म शहर रहा तो प्रयागराज के बाद रात की गर्मी भी दूसरे स्थान पर रही। मौसम विज्ञान विभाग ने अभी आने वाले तीन दिनों तक ऐसे ही प्रचंड लू का येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अब सप्ताहांत में ही कोई परिवर्तन हो और बूंदाबांदी के साथ बादल मानसूनी आहट प्रदान करें।
पुरवा की गतिविधि अत्यंत धीमी
Weather Report पुरवा की गतिविधि अत्यंत धीमी है, अभी पुरवा के प्रभाव से बादलों का एक बड़ा टुकड़ा सिंगरौली तक आया है लेकिन वह प्रचंड पछुआ की इतनी गर्मी को पार कर इधर पहुंच सके, ऐसी संभावना नहीं दिखती। राजस्थान की ओर से आ रही पछुआ हवा वातावरण में सतह से लेकर चार किमी तक फैली हुई है, ऐसे में सतह के वातावरण की गर्मी इसी बीच फंसकर रह गई है। यही वजह है कि दिन तो दिन रातें भी काफी गर्म हो रही हैं। रात में 11 बजे के बाद तक चल रही गर्म हवा वातावरण को गरम बनाए रख् रही है।
रविवार को सुबह से बनी रही तीखी धूप व प्रचंड गर्मी दोपहर में बादलों के टुकड़ों की वजह से 24 घंटे पूर्व के अधिकतम तापमान से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर 42.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस ऊपर 30.7 बना रहा। आर्द्रता में कुछ कमी आई और यह 54 से 40 प्रतिशत के बीच दर्ज हुई।
बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान थोड़ा सा बढ़ा और सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 41.4 रहा, न्यूनततम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सयिस ऊपर 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, आर्द्रता थोड़ा बढ़कर 49 से 35 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अभी तीन दिनों तक उष्णलहर यानी लू का चलना जारी रह सकता है, इस बीच तापमान में काेई ब़ड़ा बदलाव तो नहीं परंतु थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।
सबसे गर्म तीन शहर
42.6° से. – बांदा
42.5° से. – प्रयागराज
42.4° से. – बीएचयू वाराणसी Weather Report














Discussion about this post