BNP NEWS DESK। Tejashwi Prasad Yadav नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने बुधवार को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। साथ में उनके पिता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, मां पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बड़ी बहन सांसद मीसा भारती, राज्यसभा सदस्य संजय यादव सहित कई विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता उपस्थित रहे। तेजस्वी यादव पिछले दो कार्यकाल से राघोपुर से विधायक हैं। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि यह नामांकन केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे बिहार में बदलाव के लिए है।
Tejashwi Prasad Yadav तेजस्वी ने कहा कि आज केवल तेजस्वी नहीं, बल्कि बिहार का हर इंसान सीएम के लिए नामांकन कर रहा है। सीएम आफ बिहार यानी चेंज मेकर आफ बिहार। कहा कि बिहार को आगे ले जाने का सपना अब सच होने की दहलीज पर है। नामांकन हो चुका है, अब बिहार की जनता 14 नवंबर को बदलाव पर मुहर लगाने जा रही है।
केवल राघोपुर से ही लड़ेंगे चुनाव
तेजस्वी ने कहा कि कुछ लोग हवा उड़ा रहे थे कि वह दो जगहों से चुनाव लड़ेंगे, लेकिन वह केवल राघोपुर से ही लड़ेंगे। हमारा महागठबंधन 243 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है, यानी तेजस्वी यादव 243 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है, क्योंकि यह पूरे बिहार का चुनाव है। अब जनता पुरानी 20 साल वाली खटारा सरकार को हटाकर बदलाव लाना चाहती है।
तेजस्वी के पास आठ करोड़ की संपत्ति, 16 मुकदमे भी
तेजस्वी 6 करोड़ 12 लाख 48 हजार 877 रुपये की चल और एक करोड़ 88 लाख 50 हजार रुपये की अचल संपत्ति के मालिक हैं। वह चार करोड़ 40 लाख 50 हजार रुपये के कर्जदार भी हैं। तेजस्वी पर 16 आपराधिक मुकदमे बिहार के विभिन्न जिलों में दर्ज हैं, वहीं चार मुकदमे ट्रिब्यूनल अपील में हैं।
वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से बुधवार को निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ हाजीपुर के यहां नामांकन प्रपत्र में दाखिल हलफनामे में यह जानकारी दी है। तेजस्वी के पास अपना कोई वाहन नहीं है। उनके पास 200 ग्राम सोने के आभूषण हैं, जबकि नकदी महज डेढ़ लाख रुपये है।
उनके पास एक मेक इन इटली पिस्टल है, जिसकी कीमत एक लाख पांच हजार 14 रुपये है। वहीं उन पर कुल सरकारी बकाया एक करोड़ 35 लाख 73 हजार 515 रुपये है। उनकी पत्नी राजश्री के तीन बैंक में 8,49,299 रुपये जमा हैं और उनके पास 480 ग्राम सोना, दो चांदी किलो के आभूषण हैं।
तेजस्वी की पुत्री कात्यायिनी के नाम बैंक में 13,47,649 रुपये जमा हैं, जबकि 200 ग्राम सोना, एक किलो चांदी के आभूषण हैं। उनके पुत्र इराज के पास 100 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी के आभूषण हैं।








