BNP NEWS DESK। India-Australia series इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 2-2 से ड्रा कराने और वेस्टइंडीज के विरुद्ध टेस्ट कप्तान के रूप में पहली सीरीज जीतने के बाद अब 24 वर्षीय शुभमन गिल के सामने वनडे कप्तान के रूप में खुद को साबित करने की है और उनकी पहली परीक्षा ही आस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के विरुद्ध होगी।
India-Australia series आस्ट्रेलिया के विरुद्ध तीन वनडे मैचों की सीरीज 19 अक्टूबर से होगी, जिसके लिए भारतीय टीम बुधवार को दो समूह में रवाना हुई। पहला जत्था देर रात आस्ट्रेलिया पहुंच गया, जबकि दूसरा जत्था गुरुवार को पहुंचेगा। यह सीरीज सिर्फ गिल के नेतृत्व परीक्षण की नहीं, बल्कि सीनियर जोड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए भी अहम साबित हो सकती है।
क्रिकेट गलियारों में चर्चा है कि यह संभवतः विराट और रोहित की आखिरी वनडे सीरीज हो सकती है। दोनों खिलाड़ियों ने 2023 विश्व कप के बाद सीमित ओवरों के प्रारूप में सीमित भूमिका निभाई है।
2027 विश्व कप अभी दूर है और किसी की जगह पक्की नहीं
हालांकि मुख्य कोच गौतम गंभीर ने साफ कहा है कि 2027 विश्व कप अभी दूर है और किसी की जगह पक्की नहीं है। गंभीर के इस बयान ने टीम के भीतर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बना दिया है, जहां हर खिलाड़ी को खुद को साबित करना होगा।
शुभमन गिल के लिए यह जिम्मेदारी उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ मानी जा रही है। टेस्ट कप्तान के रूप में उन्होंने हाल में वेस्टइंडीज के विरुद्ध 2-0 से सीरीज जीतकर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। अब नजरें इस बात पर होंगी कि क्या वे वनडे में भी वही आत्मविश्वास और संतुलन दिखा पाते हैं।
इस दौरे में भारतीय टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है। विराट और रोहित के लिए यह सीरीज स्वयं को फिर से साबित करने का अवसर होगी।
यदि वे यहां दमदार प्रदर्शन करते हैं, तो 2027 विश्व कप की योजनाओं में बने रहने की उम्मीदें जीवित रहेंगी। वहीं, गिल के लिए यह मौका है खुद को एक दीर्घकालिक कप्तान के रूप में स्थापित करने का, जो टीम इंडिया के भविष्य का नेतृत्व संभाल सके।
सुबह रवाना हुए विराट और रोहित : विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान श्रेयस अय्यर, आरंभिक बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, आलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा के अलावा सहयोगी स्टाफ के कुछ सदस्य आस्ट्रेलिया रवाना हुए।
यह समूह सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा, जहां कुछ प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए प्रवेश द्वार के बाहर कतार में खड़े थे। वहीं मुख्य कोच गौतम गंभीर व कोचिंग स्टाफ के कुछ अन्य सदस्य शाम को रवाना हुए।
आस्ट्रेलियाई दर्शकों के लिए विराट-रोहित को देखने का अंतिम मौका होगा : कमिंस
आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने कहा कि भारत के विरुद्ध रविवार से पर्थ में शुरू हो रही वनडे सीरीज विशेष है क्योंकि यह आस्ट्रेलियाई प्रशंसकों के लिए सुपरस्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा को खेलते हुए देखने का अंतिम मौका हो सकता है। पीठ की चोट से जूझ रहे 32 वर्षीय कमिंस इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे, उनकी जगह मिशेल मार्श को कप्तान बनाया गया है।
कमिंस ने जियो हाटस्टार से कहा, विराट और रोहित पिछले 15 वर्षों से लगभग हर भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं, इसलिए ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रेमियों के लिए उन्हें यहां खेलते हुए देखने का यह आखिरी मौका हो सकता है। वे निश्चित रूप से भारत के लिए खेल के चैंपियन रहे हैं और उन्हें हमेशा अच्छा समर्थन मिलता है।
जब भी हम उनके खिलाफ खेलते हैं, दर्शक पूरे जोश में रहते हैं। इस शीर्ष तेज गेंदबाज ने कहा कि वह इस सीरीज ने नहीं खेल पाने से वह काफी निराश हैं जिसमें एडिलेड और सिडनी में भी मैच होंगे। इसके बाद 29 अक्टूबर से पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी।
कमिंस ने कहा, भारत के विरुद्ध सीमित ओवरों की सीरीज में नहीं खेल पाना निराशाजनक है। मुझे पूरा विश्वास है कि स्टेडियम खचाखच भरे होंगे। आस्ट्रेलिया में पहले से ही इस सीरीज को लेकर काफी उत्साह बना हुआ है। इस तरह की सीरीज में नहीं खेल पाना वास्तव में निराशाजनक होता है।
वनडे सीरीज का कार्यक्रम
19 अक्टूबर, पहला वनडे, पर्थ
23 अक्टूबर, दूसरा वनडे, एडिलेड
25 अक्टूबर, तीसरा वनडे, सिडनी
















Discussion about this post