BNP NEWS DESK। Maa Kushmanda Festival आदि शक्ति जगतजननी मां कूष्मांडा दुर्गा मंदिर का वार्षिक श्रृंगार महोत्सव एवं सात दिवसीय संगीत समारोह कल बुधवार से प्रारंभ होकर 26 अगस्त तक चलेगा। दुर्गाकुण्ड स्थित दुर्गा मंदिर में होने वाले इस इस सात दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन माँ कूष्मांडा का अलग अलग राजर्षि श्रृंगार होगा साथ ही देशभर के नामी गिरामी कलाकार मां के चरणों मे संगीतांजली अर्पित करेंगे।
Maa Kushmanda Festival इस संबंध में जानकारी देते हुए मंदिर के महंत कौशलपति द्विवेदी ने बताया कि इस बार का श्रृंगार महोत्सव बेहद खास होगा जिसमें कई पद्म अलंकृत कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले बार से आयोजन को 6 दिन से बढ़ाकर 7 दिन तक किया गया है जिसमे 100 से अधिक कलाकार माँ के दरबार मे अपनी हाजिरी लगाएंगे।
3 दिन शास्त्रीय संगीत एवं 4 दिन बहेगी लोक संगीत की रसधारा- कार्यक्रम संयोजक पण्डित विश्वजीत दुबे ने बताया कि इस बार 7 दिवसीय आयोजन को शास्त्रीय और लोक संगीत में बांटा गया है। 3 दिन शास्त्रीय संगीत की धारा बहेगी तो 4 दिनों तक लोक संगीत के कलाकार भक्ति संगीत की अविरल धारा प्रवाहमान करेंगे।
20 अन्य कलाकारों तथा 40 सहयोगी कलाकारों की प्रस्तुतियां
शास्त्रीय संगीत के कार्यक्रम में पहले दिन पद्मभूषण पं. साजन मिश्रा एवं स्वरांश मिश्र का शास्त्रीय गायन, प्रो. राजेश साह का सितार, देवाशीष डे का गायन, कमला शंकर का गिटार, दूसरे दिन पद्मश्री पं. रोनू मजूमदार एवं ऋषिकेश मजूमदार का बाँसुरी वादन, विशाल कृष्ण का कथक, तीसरे दिन केडिया बंधुओं की सितार सरोद की जुगलबंदी, पं. राजेन्द्र प्रसन्ना एवं राजेश प्रसन्ना का बांसुरी वादन, पं. देवब्रत मिश्रा का सितार वादन जैसे दिग्गजों की प्रस्तुतियां होंगी। इनके अलावा लगभग 20 अन्य कलाकारों तथा 40 सहयोगी कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।
वहीं 4 दिनों तक लोक संगीत के कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमे सांसद मनोज तिवारी, भरत शर्मा व्यास, महुआ बनर्जी, अरविंद अकेला कल्लू, गोपाल राय, आर्यन बाबू आदि सहित 80 भजन गायक भजनों से माँ की आराधना करेंगे। संगीत समारोह का शुभारंभ 20 अगस्त को शहनाई के साथ होगा वहीं समापन 26 को त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार द्वारा भजन संध्या के साथ होगा।
कोलकाता के कारीगर सजा रहे माँ का दरबार
महंत कौशलपति द्विवेदी ने बताया कि इस बार सातों दिन माँ का दिव्य राजर्षि श्रृंगार किया जाएगा। मन्दिर की सजावट के लिए कोलकाता से कारीगर आये है जो मां के धाम को अलग ही कलेवर प्रदान कर रहे है। मुख्य मण्डप में आकर्षक सजावट की गई है, सम्पूर्ण मंदिर को विद्युत झालरों से भव्यता प्रदान की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि महोत्सव के अंतिम दिन 26 अगस्त को विशाल अखण्ड भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमे हजारों भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे।
















Discussion about this post