BNP NEWS DESK। Yogi Adityanath मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज में विभेद पैदा करने वालों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कुछ लोग इंटरनेट मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर जातियों और समुदायों के बीच संघर्ष की स्थिति पैदा कर रहे हैं। एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि दो-तीन साल पहले एक आगजनी की घटना हुई।
Yogi Adityanath जांच में पता चला कि आगजनी करने वाला व्यक्ति भगवा गमछा पहने था लेकिन उसके मुंह से ‘या अल्लाह’ निकला। ऐसे लोगों को चिह्नित कर समाज से बाहर करना होगा। यह वही वर्ग है, जिसने आदिवासियों को भड़काने और भारत के खिलाफ खड़ा करने का प्रयास किया। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।
योगी शुक्रवार को वसंत महिला महाविद्यालय के भूगोल विभाग व भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद के जनजातीय गौरव विशेष नवाचार के संयुक्त तत्वावधान से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी का विषय बिरसा मुंडा की विरासत: आदिवासी सशक्तीकरण और राष्ट्रीय आंदोलन उत्प्रेरक है। सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा में न जाति का भेद है, न मत का, न सम्प्रदाय का। यात्रा भक्तिभाव से चल रही है लेकिन कुछ लोग इसे उपद्रवियों का नाम दे देते हैं।
यह वही वर्ग है, जो आदिवासियों को भड़काता है। हमें इनसे सतर्क रहना होगा। हमने सुरक्षा और सहूलियत की दृष्टि से ताजिया की ऊंचाई निर्धारित की। जौनपुर में जबरदस्ती नियमों को ताक पर रखकर ऊंचा ताजिया बनाया गया, जो हाईटेंशन तार की चपेट में आया। तीन लोग मारे गए।
फिर रास्ता जाम किया। मैंने पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। ऐसे लोगों को समझना होगा कि सामाजिक समरसता बनाए रखना जरूरी है।
सनातन परंपरा का आधार है जनजातीय समाज
मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज को भारत की सनातन परंपरा का आधार बताते हुए कहा कि यह समाज हर कालखंड में देश की रक्षा और संस्कृति के संरक्षण के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहा है।
जनजातियों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि माता सीता का अपहरण हुआ, तब भगवान राम के पास अयोध्या या जनकपुर की सेना नहीं थी। जनजातीय समाज ने उनके साथ रावण के खिलाफ युद्ध लड़ा। महाराणा प्रताप ने अरावली के जंगलों में भटकते हुए जनजातीय समाज के सहयोग से अपनी सेना का पुनर्गठन कर अकबर से युद्ध किया। छत्रपति शिवाजी ने भी वनवासी समाज के सहयोग से हिंदवी साम्राज्य की स्थापना की।
















Discussion about this post