BNP NEWS DESK। dreamliner aircraft अहमदाबाद में बोइंग ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने के कुछ ही दिनों बाद भारत आने वाले दो ड्रीमलाइनर विमानों को कुछ तकनीकी गड़बड़ियों के कारण हांगकांग और लंदन वापस लौटना पड़ा। हांगकांग से दिल्ली आने वाला एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान सोमवार को उड़ान भरने के एक घंटे के भीतर ही अपने मूल हवाई अड्डे पर वापस लौट आया, क्योंकि पायलट को इसमें तकनीकी समस्या का संदेह था।
विमान संख्या एआइ 315 हांगकांग में सुरक्षित रूप से उतर गया
dreamliner aircraft एयरलाइन ने कहा कि विमान संख्या एआइ 315 हांगकांग में सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री विमान से उतर गए हैं। विमान की जांच की जा रही है। विमान हांगकांग से दोपहर 12.16 बजे (स्थानीय समय) रवाना हुआ और इसे भारतीय समयानुसार दोपहर 12.20 बजे दिल्ली उतरना था।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24.काम के अनुसार, विमान लगभग साढ़े तीन घंटे की देरी से रवाना हुआ, जबकि इसका निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 8.50 बजे था।
एअर इंडिया ने कहा कि 16 जून, 2025 को हांगकांग से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला एआइ 315 विमान तकनीकी समस्या के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद हांगकांग लौट आया।
यात्रियों को जल्द-से-जल्द उनके गंतव्य दिल्ली तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की योजना बनाई गई है। हम इस अप्रत्याशित व्यवधान के कारण होने वाली असुविधा को कम करने के लिए यात्रियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं।
इससे पहले चेन्नई आने वाला ब्रिटिश एयरवेज का बोइंग ड्रीमलाइनर रविवार को तकनीकी खराबी के कारण लंदन लौट गया। ब्रिटिश एयरवेज ने कहा कि विमान सुरक्षित उतर गया और चालक दल के सदस्य तथा यात्री सामान्य तरीके से विमान से उतर गए।
ब्रिटिश एयरवेज ने उड़ान के प्रस्थान समय, विमान में सवार यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों की संख्या तथा विमान लंदन लौटने से पहले कितनी देर तक हवा में रहा जैसी अन्य जानकारी साझा नहीं की।
एयरलाइन ने कहा कि तकनीकी समस्या की जानकारी मिलने के बाद विमान को एहतियात के तौर पर हीथ्रो वापस लाया गया। ये दोनों घटनाएं अहमदाबाद में एअर इंडिया के बोइंग ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने के कुछ दिनों बाद हुई हैं, जिसमें विमान में सवार 241 यात्री तथा चालक दल के सदस्य मारे गए थे।
बम की धमकी के कारण लुफ्थांसा की फ्लाइट को वापस फ्रैंकफर्ट भेजा गया
बम की धमकी के कारण फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आने वाली लुफ्थांसा की एक फ्लाइट को रविवार को वापस फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा। यात्रियों को पहले बताया गया था कि विमान को भारत में उतरने की अनुमति नहीं दी गई है।
उड़ान संख्या एलएच752 रविवार दोपहर को जर्मनी से रवाना हुई थी और इसे सोमवार तड़के हैदराबाद हवाई अड्डे पर उतरना था। लेकिन, लुफ्थांसा ने कहा कि बम की धमकी के कारण इसे वापस लौटाना पड़ा और यात्रियों को रातभर ठहरने की व्यवस्था की गई। सोमवार को यह विमान यात्रियों को लेकर फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद के लिए उड़ान भर चुका है।
















Discussion about this post