बीएनपी न्यूज डेस्क। Tejaswin Shankar हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भारत के पदकों का खाता खोला। तेजस्विन शंकर ने कांस्य के रूप में ट्रैक एंड फील्ड में भारत के लिए पहला पदक जीता। इतना ही नहीं तेजस्विन किसी भी राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले एथलीट बन गए। पुरुषों के हाई जंप इवेंट के फाइनल में तेजस्विन ने 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए एथलेटिक्स के हाई जंपर इवेंट में पहला मेडल जीता है। वे इन गेम्स के 92 साल के इतिहास में हाई जंप का मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने हैं। 23 साल के तेजस्विन ने मेंस हाई जंप इवेंट में 2.22 मीटर स्कोर करते हुए ब्रॉन्ज पाया।
वे गेम्स शुरू होने से तीन दिन पहले ही बर्मिंघम पहुंचे थे, क्योंकि उन्हें एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने टीम इंडिया से बाहर कर दिया था। तेजस्विन ने भारत की नेशनल इंटर स्टेट मीट में हिस्सा नहीं लिया था। जब यह टूर्नामेंट हुआ तब वे USA में ट्रेनिंग कर रहे थे। ऐसे में तेजस्विन ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और कोर्ट ने उन्हें भेजने का आदेश दिया। वे भारतीय दल में शामिल होने वाले आखिरी एथलीट थे।
Tejaswin Shankar 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में छठे स्थान पर रहे थे। हालांकि, बीते चार वर्षों में उन्होंने अपने प्रदर्शन में काफी सुधार किया है। तेजस्विन ने इस पदक को जीतने के लिए अपनी जी जान लगा दी। आखिर में तेजस्विन ने स्वर्ण पर भी निशाना साधना चाहा। उन्होंने 2.28 मीटर जंप लगाने की कोशिश की और न्यूजीलैंड के हामिश केर को पीछे छोड़ना चाहा, लेकिन विफल रहे।
बाद में मिली मंजूरी, रिप्लेसमेंट बने
दिल्ली हाई कोर्ट के कहने पर तेजस्विन को राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने की मंजूरी मिल गई थी। उन्हें राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए भारतीय स्क्वॉड में घायल रिले धावक अरोकिया राजीव के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया था। अब तेजस्विन ने खुद को साबित किया है।
नेशनल रिकॉर्ड भी तेजस्विन के नाम
तेजस्विन के नाम हाई जंप में नेशनल रिकॉर्ड भी है। उन्होंने इस सीजन 2.27 मीटर का जंप भी लगाया है। वहीं, उनका पर्सनल बेस्ट 2.29 मीटर का है। हालांकि, फाइनल में वह इस प्रदर्शन को दोहराने में नाकाम रहे, लेकिन तेजस्विन ने इतिहास जरूर रच दिया। बर्मिंघम में फाइनल के दौरान शंकर ने अपने पहले प्रयासों में 2.10 मीटर, 2.15 मीटर, 2.19 मीटर और 2.22 मीटर की जंप लगाई।








