BNP NEWS DESK। Chetganj Nakkataiya प्रतिरोध, प्रतिकार व समाज, राष्ट्र के प्रति संदेशों का इतिहास संजोए चेतगंज की विश्व प्रसिद्ध नक्कटैया लीला शुक्रवार की रात आयोजित हुई। इसमें सूर्पणखा की नाक कटी तो लाग विमानों की भी अनुपम झांकियां सजीं। एक से बढ़कर एक झांकियों में देश प्रेम, आपरेशन सिंदूर, आतंक के विरुद्ध भारतीय सेनाओं का पराक्रम, पर्यावरण प्रदूषण, गंगा की निर्मलता के साथ ही विश्व शांति का संदेश देतीं झांकियां सजाई गईं।
Chetganj Nakkataiya आतंकवाद और भ्रष्टाचार पर चोट करते हुए राष्ट्र भक्ति व विकास के पथ पर अग्रसर देश की बढ़ती शक्ति को दिखाने वाले प्रसंगों में पगी झांकियों ने ने गर्दन ऊंची करने के अवसर भी उपलब्ध कराए। विभिन्न देवी-देवताओं की झांंकियों का अपना अलग ही आकर्षण रहा। इसी के साथ ही इस लीला ने अपने आयोजन के 139 वर्ष पूरे कर लिए।
मलदहिया से चेतगंज तक लगी रही लाग विमानों की श्रृंखला
पूरी रात चलने वाले काशी के लक्खा मेलों में से एक चेतगंज की नक्कटैया में जुलूस का उद्घाटन मध्यरात्रि 12 बजे चेतगंज थाने के सामने नारियल तोड़कर किया गया। इसके बाद गहमागहमी भरे वातावरण में लाग विमानों की झांकी निकलना आरंभ हुई। मलदहिया से चेतगंज तक प्रयागराज, मीरजापुर, जौनपुर, भदोही, ज्ञानपुर, जक्खिनी, आजमगढ़, गाजीपुर व फूलपुर के लाग विमानों की झांकियां परिक्रमा करती रहीं।
इसमें भगवान श्रीराम की लीला में उनके जीवन से जुड़े विभिन्न लाग- विमानों के साथ ही श्रीकृष्ण की रासलीला और देवाधिदेव महादेव, मां काली, प्रथम पूज्य गणेश, काशी को दर्शाते औघड़, संतों की झांकी भी सजी। पर्यावरण प्रदूषण व गंगा की निर्मलता आदि का संदेश देते लाग विमान भी सजे। समिति के पदाधिकारी आयोजन को लेकर अत्यंत सजग, सतर्क रहे। बेहतर झांकियों को पुरस्कृत भी किया गया।
मेले का उद्घाटन चेतगंज थाने के सामने जिलाधिकारी द्वारा किया गया
मेले का उद्घाटन शुक्रवार रात 12 बजे चेतगंज थाने के सामने जिलाधिकारी द्वारा किया गया। इससे पूर्व बसंत बहार होटल के पास भगवान श्रीराम के रथ के समीप लक्ष्मण द्वारा सूर्पनखा की नाक काटने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात सूर्पनखा मलदहिया स्थित पटेल चौराहे पर खर-दूषण की सेना से मिलने पहुंची, और वहीं से विभिन्न मार्गों से होती हुई रात्रि 12 बजे चेतगंज थाने पहुंची, जहां से लाग विमानों का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी सहित शहर के प्रमुख उद्योगपति, व्यापारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री चेतगंज रामलीला समिति के अध्यक्ष अजय गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र गिरी जी महाराज, राजू यादव, रजत श्रीवास्तव, तनुज पाण्डेय, प्रदीप कुमार कन्नौजिया सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















Discussion about this post