BNP NEWS DESK। Ashok Gehlot अशोक गहलोत के हाथ से कांग्रेस अध्यक्ष का पद जा चुका है। लेकिन, अब राजस्थान सीएम पर भी संशय बना हुआ है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राजस्थान सीएम पर दो दिन में फैसला लिया जाएगा। सोनिया गांधी इस पर फैसला लेंगी। वेणुगोपाल ने ने कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि कल शाम तक इंतजार कीजिए, अंतिम नामों की सूची आपके सामने होगी। कांग्रेस सूत्रों का मानना है कि आलाकमान गहलोत समर्थकों के व्यवहार से नाराज है। ऐसा लगता है कि अशोक गहलोत का सोनिया गांधी से माफी मांगना भी काम नहीं आया है। ऐसे में सचिन पायलट अभी भी रेस में बने हुए हैं। आगामी दो दिनों में राजस्थान में सियासी घटनाक्रम रोचक हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कल देर रात दिल्ली पहुंचे और आज दोपहर में उन्होंने कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ करीब 90 मिनट के आसपास बैठक की। दोनों पक्षों ने अपना अपना मत रखा और बैठक के बाद जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बाहर निकले तो उन्होंने मीडिया को कहा कि वह अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उधर इस पूरे मामले में फिलहाल आलाकमान का कोई बयान सामने नहीं आया है । मुख्यमंत्री राजस्थान का कौन होगा यह फैसला भी आलाकमान के ऊपर ही छोड़ दिया गया है।
राजस्थान की कमान किसको मिलेगी…सोनिया गांधी करेंगी फैसला
गहलोत ने हाईकमान से माफी तो मांग ली है, लेकिन अब राजस्थान की कमान किसने हाथों में रहेगी इसको लेकर अभी भी संशय बरकरार है। खुद गहलोत ने सीएम पद का फैसला आलाकमान पर छोड़ दिया है। आलाकमान स्थिति स्पष्ट करेगा कि आगे क्या होने वाला है। इसका फैसला एक-दो दिन में साफ हो जाएगा। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा- एक बार फिर से दिल्ली से ऑब्जर्वर जयपुर जाएंगे। विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी। इसके बाद पता चलेगा कि सीएम गहलोत रहते हैं या नहीं।
मीटिंग से पहले माफीनामा किया पेश
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज दोपहर में जब सोनिया गांधी और अन्य नेताओं से मुलाकात के लिए दस जनपथ पर गए तो उन्होंने अपने साथ एक लिखित माफीनामा रखा । उसे सोनिया गांधी के सामने पेश किया और कहा कि जयपुर की घटना से आहत हैं, पूरी कोशिश करेंगे कि इस घटना की पुनरावृत्ति ना हो।
सोनिया गांधी के सामने रखा अपना पक्ष
उसके बाद सोनिया गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखा और राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री समेत अन्य विषयों पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से चर्चा की । उसके बाद अशोक गहलोत ने भी अपना पक्ष रखा और राजस्थान में विधायकों के विषय के बारे में भी सोनिया गांधी को जानकारी दी । इस दौरान दिल्ली यह भी खबर पहुंची कि जयपुर में कुछ नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सचिन पायलट के खिलाफ बयानबाजी की है और सरकार गिराने की धमकी दी है।
अब सचिन पायलट सोनिया गांधी से जाएंगे मिलने
इन तमाम घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपना पक्ष रख कर बैठक समाप्त होने के बाद बाहर निकल आए। बाहर उन्होंने मीडिया कर्मियों से कुछ संवाद किया और उसके बाद अपनी गाड़ी में बैठ कर वहां से रवाना हो गए। फिलहाल वे दिल्ली में ही है और शाम तक जयपुर आने का कार्यक्रम है। बताया जा रहा है कि उनके बाद अब सचिन पायलट को सोनिया गांधी मिलने के लिए बुला सकती है। देर शाम तक इस बारे में आलाकमान फैसला सुना सकता है।








