BNP NEWS DESK । Vladimir Putin रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री अपने निर्णय पर अटल रहने और बिना लाग-लपेट के बात कहने वाले हैं। मोदी की नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा करते हुए रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि वह किसी भी देश के दबाव के आगे झुकते नहीं हैं।
पुतिन ने यह बात एक भारतीय न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कही है। भारत और रूस का सहयोग किसी देश के विरोध में नहीं है बल्कि दोनों देशों के राष्ट्रीय हितों पर आधारित है। पुतिन ने यह बात भारत को लेकर अमेरिका के आक्रामक रुख पर कही है।
Vladimir Putin भारत-रूस के ऊर्जा सहयोग पर पुतिन ने कहा कि कुछ तत्व भारत के विकास और उसकी भूमिका को पचा नहीं पा रहे हैं, वे ही इसमें बाधा डाल रहे हैं। एक प्रश्न के उत्तर में रूसी राष्ट्रपति ने भारत को बड़ा देश बताया जिसकी राय पूरे विश्व में मायने रखती है।
प्रधानमंत्री मोदी किसी भी दबाव को बड़ी आसानी से निष्प्रभावी कर देते हैं। वह टकराव वाली स्थिति भी पैदा नहीं होने देते हैं। ऐसे नेता पर भारत के लोग गर्व कर सकते हैं। यह बिल्कुल सामान्य और व्यावहारिक बात है। पुतिन ने कहा, शासन करते हुए हमारा उद्देश्य टकराव को बढ़ावा देना नहीं होना चाहिए बल्कि अपने कानूनी अधिकारों की रक्षा का होना चाहिए। भारत भी ऐसा ही करता है।
पुतिन ने कहा कि उनके मोदी के साथ शानदार पेशेवर और व्यक्तिगत संबंध हैं। हमारे बीच मजबूत विश्वास और लंबे समय का सहयोग है। प्रधानमंत्री मोदी बहुत चुनौती वाले कार्य कर रहे हैं और उसी का नतीजा है कि भारत तेज गति से विकास कर रहा है। Vladimir Putin
डोनबास पर हर हाल में कब्जा करेगा रूस
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने साफ किया है कि रूस यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र (डोनेस्क और लुहांस्क प्रांत) का पूर्ण नियंत्रण हासिल करेगा, वहां के बचे-खुचे इलाकों से यूक्रेन अपनी सेना हटा ले अन्यथा वह यह कार्य सेना के बल पर करेगा। पुतिन का यह बयान सामने आते ही यूक्रेन ने रूसी राष्ट्रपति की इस मांग को खारिज कर दिया है।
रूस ने 2014 में क्रीमिया के साथ ही डोनबास के छोटे हिस्से पर कब्जा किया था। लेकिन फरवरी 2022 से शुरू युद्ध में रूस अभी तक लुहांस्क के ज्यादातर इलाके पर कब्जा कर चुका है जबकि डोनेस्क का बड़ा क्षेत्र भी रूस को हासिल हो गया है।
नई दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले पुतिन ने कहा, रूसी भाषा भाषी लोगों के इस क्षेत्र से यूक्रेन अपनी सेना हटाए अन्यथा हम हथियारों की ताकत से उसे आजाद कराएंगे। यूक्रेन में युद्धविराम को लेकर हुई वार्ता के हर चरण में रूस ने डोनबास पर पूर्ण नियंत्रण की अपनी शर्त रखी है। अमेरिका ने भी अपनी शांति योजना में इस शर्त को रखा है। Vladimir Putin
पुतिन युद्ध खत्म करना चाहते हैं : ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन युद्ध खत्म करना चाहते हैं। अमेरिका के शांति प्रस्ताव पर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से उनकी बहुत अच्छी वार्ता हुई है।
इस वार्ता से पता चलता है वह वास्तव में युद्ध खत्म करना चाहते हैं। इससे पहले बुधवार को ट्रंप के दूत स्टीव विटकाफ और दामाद जेरेड कुशनर से वार्ता के बाद पुतिन ने कहा, अमेरिकी प्रस्ताव में कुछ बिंदु ऐसे हैं जिन्हें वह स्वीकार नहीं कर सकते हैं। लेकिन उन्होंने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से हुई वार्ता को बहुत उपयोगी बताया है। Vladimir Putin








