बीएनपी न्यूज डेस्क। फरवरी में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और उनके गठबंधन सहयोगियों पंजाब लोक कांग्रेस और अकाली दल (संयुक्त) के बीच सीट बंटवारे पर मुहर लग गई है। विधानसभा चुनाव में भाजपा के खाते में 65 सीटें, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस को 37 और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा वाली अकाली दल (संयुक्त) को 15 सीट मिली है।
सहयोगी दलों के बीच सीट शेयरिंग पर मुहर लगने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पंजाब में एनडीए गठबंधन हुआ है। इसके तहत भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और अकाली दल (संयुक्त) मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी ने किसान परिवारों के 12 नेताओं, 13 सिखों और आठ दलितों को टिकट दिया है। इसके अलावा अमरिंदर सिंह भी 22 उम्मीदवारों के नाम का पहले ही ऐलान कर चुके हैं। पंजाब लोक कांग्रेस ने भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान अजितपाल सिंह को नकोदर से प्रत्याशी बनाया है। जबकि अमरिंदर सिंह खुद पटियाला शहर सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। अमरिंदर सिंह ने पूर्व अकाली विधायक फरजाना आलम को मलेरकोटला से टिकट दिया है। कैप्टन को अधिकांश सीटें मालवा क्षेत्र की दी गई है।








