BNP NEWS DESK । Pathaan Movie आ गया पठान…और खत्म हुआ इंतजार! 4 साल के लंबे वक्त के बाद शाहरुख खान ने सिल्वर स्क्रीन पर दस्तक दे दी है. 2023 की सबसे बड़ी फिल्म पठान थिएटर्स में रिलीज हो चुकी है।
फिल्म देखने के लिए फैंस सुपर एक्साइटेड हैं। सिनेमाघरों के बाहर लोगों की भीड़ लगी हुई है। किंग खान के फैंस के बीच तो जश्न का माहौल है, क्योंकि किंग ऑफ रोमांस इस बार फुल ऑन एक्शन अवतार में दिखे हैं। आइए जानते हैं पठान को लेकर दर्शकों का कैसा रिएक्शन है और सिनेमाघरों के बाहर कैसा माहौल है।
Pathaan Movie अभिनेता शाहरूख खान की पठान फिल्म का विरोध थिएटर के बाहर तक ही रहा। बुधवार को मल्टीप्लेक्स में सभी शो हाउस फुल गए। थिएटर के अंदर लोग एक-एक सीन पर तालियां और सीटियां बजाते नजर आए। सिगरा आईपी मॉल के बाहर हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ता विरोध जताने पहुंचे तो उन्हें पुलिस ने लाठी पटक भगाया।
बाहर में लगे पठान के पोस्टर भी कार्यकर्ताओं ने फाड़े। एहतियातन सिगरा, छावनी क्षेत्र और भेलूपुर और लक्सा के मल्टीप्लेक्स में पुलिस फोर्स दोपहर से लेकर रात तक मुस्तैद रही।
पठान फिल्म में शाहरूख खान और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के एक सीन को लेकर हिंदू संगठन को आपत्ति है। हिंदू संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फिल्म रिलीज होने पर मल्टीप्लेक्स को बंद कराने का आह्वान किया था।
सुबह दस बजे के बाद ही हिंदू संगठन के लोग सिगरा स्थित आईपी मॉल के पास पहुंच गए। फिल्म के पोस्टर फाड़ दिए।
शांति व्यवस्था बिगड़ने की सूचना मिलते ही सिगरा इंस्पेक्टर राजू सिंह मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे और कार्यकर्ताओं को लाठी पटक भगाया। सिगरा इंस्पेक्टर ने कहा कि शांति पूर्वक तरीके से विरोध दर्ज कराएं। उधर, छावनी क्षेत्र स्थित मल्टीप्लेक्स में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कैंट इंस्पेक्टर प्रभुकांत ने फोर्स के संग मौजूद रहे।
भेलूपुर स्थित मल्टीप्लेक्स में भी फोर्स पूरे दिन तैनात रही। छावनी क्षेत्र स्थित मल्टीप्लेक्स के प्रबंधक मनीष गुप्ता ने बताया कि पहले ही दिन सभी शो हाउस फुल गए। अगले दिन भी शो हाउस फुल है। भेलूपुर स्थित मल्टीप्लेक्स के प्रबंधक कृष्णा पांडेय ने बताया कि सभी शो हाउस फुल रहा। शांति पूर्वक तरीके से दर्शकों ने फिल्म का आनंद उठाया। अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यदि किसी ने शांति व्यवस्था में खलल डालने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।








