BNP NEWS DESK। Chief Minister Yogi Adityanath मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में उपचुनाव जीतने वाले नवनिर्वाचित विधायकों के अभिनंदन समारोह में कहा कि टीम भावना और एकजुटता के साथ काम करने से असंभव काम भी संभव हो जाता है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उपचुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत से विपक्ष भयभीत है। वो अब आरोप ही लगा सकते हैं। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा इससे भी बड़ी जीत हासिल करेगी।
Chief Minister Yogi Adityanath मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा ने नौ में से सात सीटें जीती हैं। हमने चुनाव से पहले ही सात सीटें जीतने की रणनीति बनाई थी, जिसे संगठन और कार्यकर्ताओं ने जमीन पर उतारकर सफल बनाया। कुंदरकी और कटेहरी जैसी कठिन सीटों पर जीत को पार्टी की रणनीति और कार्यकर्ता व पदाधिकारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।
सघन जनसंपर्क के माध्यम से सरकार की योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हर चुनौती को अवसर में बदलने का माद्दा रखती है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए यह जीत विपक्ष के मन में भय उत्पन्न करेगी। हमें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा और सघन जनसंपर्क के माध्यम से सरकार की योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाना होगा। इससे 2027 में हमारी सफलता और बड़ी होगी।
योगी ने विधायकों का आह्वान किया कि अब उनके पास दो-ढाई वर्ष का ही समय है, ऐसे में वे सभी अपने कार्यकाल में जनता से बेहतर संवाद स्थापित करें और संगठन के साथ मिलकर काम करें। ‘हम इसी सामूहिक भावना से कार्य करते रहे, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ फिर कमल खिलेगा।’ Chief Minister Yogi Adityanath
अभिनंदन समारोह में मीरापुर से रालोद की विधायक मिथलेश पाल, कुंदरकी के विधायक रामवीर सिंह, फूलपुर के दीपक पटेल, खैर के सुरेंद्र दिलेर, गाजियाबाद के संजीव शर्मा, कटेहरी के धर्मराज निषाद और मझवां की विधायक शुचिस्मिता मौर्य शामिल थीं। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, निषाद पार्टी के अध्यक्ष व मत्स्य मंत्री संजय निषाद, मंत्री अनिल कुमार उपस्थित थे।
विपक्ष के झूठ व नकारात्मक राजनीति का देना है मुंहतोड़ जवाब : भूपेन्द्र
भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि कटेहरी व कुंदरकी में भाजपा ने लंबे समय बाद जीत हासिल की है। विपक्ष अपनी पराजय सुनिश्चित मानकर नकारात्मक एजेंडे पर काम कर रहा है। लोगों को भड़काने और बहकाने का काम विपक्ष कर रहा है। भाजपा ने मोदी और योगी के नेतृत्व में सभी संकल्पों को पूरा किया है। हमें विपक्ष के झूठ और नकारात्मक राजनीति का भी मुंहतोड़ जवाब देना है।
करहल व सीसामऊ भी 2027 में भाजपा जीतेगी : केशव
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उपचुनाव की इस जीत ने 2027 का झंडा बुलंद कर दिया है। यह जीत भाजपा के विजय अभियान की शुरुआत है। उन्होंने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व व कार्यकर्ताओं को जीत का श्रेय देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह और अथक परिश्रम से एक बार फिर सपा को समाप्तवादी पार्टी बना देंगे। यह उपचुनाव फर्जी पीडीए की हार है। यह जीत प्रधानमंत्री के नारे एक हैं तो सेफ हैं, एक हैं तो जीत है, का कमाल है। सपा की नींव हिल गई है, करहल और सीसामऊ में भी 2027 में भाजपा जीतेगी।
2027 में भाजपा को मिलेगी और बड़ी जीत : ब्रजेश
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी विजयी उम्मीदवारों का एक-एक कर स्वागत व अभिनंदन किया। कहा कि सीसामऊ में हम कम मतों से चुनाव हारे हैं, करहल में सपा के दांत खट्टे करने वाले अनुजेश यादव का भी अभिनंदन है। 2027 में इन सीटों के साथ 2017 से भी बड़ी जीत भाजपा को मिलेगी।
Discussion about this post