BNP NEWS DESK। Varanasi crime वाराणसी, फूलपुर क्षेत्र के धरसौना गांव की एक मां अपने तीन साल के गायब बेटे तनिश एक मई से भटक रही है। कैंट स्टेशन से बेटे को चुराकर ले जाता एक व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो चुका है मगर आरोप है कि मां की मदद की जगह जीआरपी और सिगरा पुलिस उसे टरका रही है।
धरसौना की आश्रिता सिंह अपने पति वकील शाह और परिवार के साथ मुंबई में रहती हैं। तीन साल के बेटे तनिश उर्फ क्यू का मुंडन कराने वह एक मई को पीडीडीयू नगर पहुंचीं। साथ में बड़ा बेटा साहिल भी था।
स्टेशन पर आश्रिता के ममेरे भाई बबलू को पहुंचना था पर वह नहीं आया। तब उससे मिलने आश्रिता बेटों को लेकर कैंट स्टेशन चली आईं। Varanasi crime
तब तक रात हो गई थी। आश्रिता बेटों के साथ प्लेटफार्म पर सो गईं। सुबह नींद खुली तो तनिश गायब था। स्टेशन पर काफी खोजबीन के बाद आश्रिता जीआरपी थाना पहुंचीं तो पहले उन्हें यह कहते हुए टरका दिया गया कि गंभीरता से बेटे को ढूंढ़ो।
जान देने की चेतावनी पर लिखी रिपोर्ट
मासूम की मां का आरोप है कि जीआरपी ने पहली और दूसरी मई को उसे लौटा दिया। यह कहते हुए कि ग्रुप पर तस्वीर चला दी जाएगी। क्षुब्ध आश्रिता ने तीन मई को ट्रेन के सामने कूदकर जान देने की चेतावनी दी, तब जीआरपी ने रिपोर्ट लिखी।
रोडवेज स्टेशन के पास बस में जाता दिखा
आश्रिता सिंह कुछ समाजसेवियों के साथ सिगरा थाना पहुंचीं। वहां से उन्हें सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर जाने की सलाह दी गई। वहां सीसीटीवी में एक व्यक्ति बच्चे का हाथ पकड़े स्वचालित सीढ़ी और पानी टंकी से होता हुआ रोडवेज के पास जाता दिखा। वह आजमगढ़ जाने वाली बस में सवार हो गया। इस फुटेज की जानकारी जीआरपी तथा सिगरा पुलिस को भी दी गई है।
● बेटे का मुंडन कराने मुंबई से पहली मई को आई थीं फूलपुर की महिला आश्रिता
● कैंट स्टेशन पर सोते वक्त बेटे की चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में है कैद
● जीआरपी और सिगरा पुलिस से गुहार लगाकर थक चुकी है बदहवास मां
गाजीपुर की मासूम बच्ची भी आज तक नहीं मिली
साल 2019 की सात जनवरी को कैंट स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से परिवार से बिछुड़ी छह साल की एक बच्ची भी आज तक नहीं मिली है। गाजीपुर का एक परिवार बेटी के साथ कैंट स्टेशन पहुंचा था। दो-तीन साल तक मां-बाप बेटी की तलाश करने के बाद थक गए।








