BNP NEWS DESK। Congress President Election Result कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे ने जीत हासिल की। खड़गे को 7897 वोट मिले। चुनाव के लिए बुधवार (19 अक्टूबर 2022) को मतगणना हुई। इसी के साथ 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। मतगणना बुधवार सुबह 10 बजे दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में शुरू हुई थी।
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने जानकारी दी कि शशि थरूर को 1072 वोट मिले। ऐसे में खड़गे 8 गुना से ज्यादा वोटों से जीते। अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच टक्कर थी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए सोमवार (17 अक्टूबर) को वोटिंग हुई थी। मल्लिकार्जुन खड़गे की जीत के बाद शशि थरूर ने कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए बयान जारी किया।
थरूर ने कहा, “हमारे नए अध्यक्ष पार्टी के सहयोगी और वरिष्ठ हैं जो पर्याप्त नेतृत्व और अनुभव लाते हैं। उनके मार्गदर्शन में, मुझे विश्वास है कि हम सभी सामूहिक रूप से पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं।”
मल्लिकार्जुन खड़गे का राजनीतिक करियर
मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के सबसे सीनियर नेताओं में से एक हैं। उनकी उम्र 80 साल है और कई दशकों से वो सक्रिय राजनीति में हैं। खड़गे को गांधी परिवार का बेहद करीबी माना जाता है। खड़गे कर्नाटक के बीदर से आते हैं। उन्होंने बीए और एलएलबी की पढ़ाई की है और पेशे से वकील भी रह चुके हैं। खड़गे सबसे पहले 1969 में कर्नाटक के गुलबर्ग सिटी कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। इसके बाद 1972 में पहली बार चुनकर विधानसभा गए। तब से लेकर 2009 तक वो कुल 9 बार विधायक रहे। 1976 में वो पहली बार कर्नाटक में कैबिनेट मंत्री बने. खड़गे को 1988 में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया. 2005 में वो कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने। इसके बाद वो तमाम बड़े पदों पर रहे।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुलबर्गा के नूतन विद्यालय से स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने बीए गवर्नमेंट कॉलेज, गुलबर्गा से डिग्री। उन्होंने सेठ शंकरलाल लाहोटी लॉ कॉलेज, गुलबर्गा से कानून की डिग्री भी हासिल की है।






