BNP NEWS DESK। India vs Australia नागपुर के वीसीए क्रिकेट मैदान पर गुरुवार से भारत और आस्ट्रेलिया के बीच बार्डर-गावस्कर ट्राफी का पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा, जहां सीमित ओवरों में लोहा मनवा चुके रोहित शर्मा की टेस्ट कप्तान के तौर पर सबसे बड़ी परीक्षा होगी।
India vs Australia आस्ट्रेलियाई टीम हालिया समय की सबसे बेहतरीन भारत दौरा करने वाली टीम है। क्रिकेट के मैदान की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं में शुमार इस सीरीज पर क्रिकेट प्रेमियों के अलावा आलोचकों की भी पैनी नजर होगी।
टर्निंग विकेट पर खेलना कठिन होगा
अपनी सरजमीं पर भारत से पिछले दो सीरीज गंवाने का दर्द लेकर आस्ट्रेलियाई टीम इस बार बदला चुकता करने के इरादे से आई है। उसकी नजरें 2004 के बाद पहली बार भारत को उसके घर में हराने पर हैं, हालांकि यह उनके लिए आसान नहीं होगा क्योंकि पिच पहले ही दिन से टर्न ले सकती है। आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज भी मान रहे हैं कि टर्निंग विकेट पर उनके लिए खेलना कठिन होगा।
रोहित के पास मौका
कप्तान बनने के बाद से रोहित चोट या बीमारी के कारण बड़ी टीमों के खिलाफ सभी टेस्ट चूकते आए हैं। पिछले दस टेस्ट में से उन्होंने केवल दो टेस्ट खेले हैं। अब उनके सामने विराट कोहली की तरह भारत को एक बार फिर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ले जाने की चुनौती है। इसके लिए भारत को जीत में दो मैचों का अंतर रखना होगा। रोहित के ब्रहमास्त्र आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की स्पिन चौकड़ी है। इनमें से तीन का खेलना तय है। अब रोहित के पास खुद को महान कप्तानों की सूची में शामिल कराने के लिए यह सीरीज एक जरिया है।
खलेगी रिषभ की कमी
भारतीय टीम को रिषभ पंत की कमी जरूर खलेगी और देखना होगा कि वह इसकी भरपाई कैसे करते हैं। केएस भरत बतौर विकेटकीपर प्रभावी है लेकिन आस्ट्रेलियाई गेंदबाजी के सामने उनकी क्षमता को लेकर कुछ कह पाना मुश्किल है। इशान किशन बेहतर बल्लेबाज जरूर है लेकिन विकेटकीपिंग को लेकर टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा क्योंकि उन्होंने टेस्ट में यह जिम्मा संभाला भी नहीं है।
अक्षर या कुलदीप में कौन
रोहित के लिए सबसे बड़ा फैसला फैसला अक्षर या कुलदीप में से एक को चुनना होगा और अक्षर की संभावना अधिक लग रही है। भारत अगर चार स्पिनरों को लेकर उतरता है तो रविचंद्रन अश्विन को नई गेंद सौंपी जा सकती है। वैसे सूखी लग रही पिच पर तेज गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग भी मिल सकती है तो ऐसे में मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज उपयोगी साबित होंगे।
एश्टन आगर होंगे दूसरे स्पिनर
भारतीय बल्लेबाजों को नाथन लियोन से विरुद्ध संभलकर खेलना होगा। आस्ट्रेलिया निचले क्रम पर बल्लेबाजी के बेहतर रिकार्ड के कारण नाथन लियोन के जोड़ीदार के तौर पर एश्टन आगर को उतार सकता है। पैट कमिंस के साथ स्काट बोलैंड नई गेंद संभालेंगे। कैमरन ग्रीन की गैरमौजूदगी में अतिरिक्त बल्लेबाज पीटर हैंडस्कांब या मैट रेनशा में से होगा।
टीमें
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा, केएस भरत, आर अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, सूर्यकुमार यादव, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, इशान किशन।
आस्ट्रेलिया : पैट कमिंस (कप्तान), डेविड वार्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, एलेक्स कैरी, मैट रेनशा, पीटर हैंडस्कांब, नाथन लियोन, एश्टन आगर, स्काट बोलैंड, लांस मौरिस, मिशेल स्वीपसन, टाड मरफी।
आमने-सामने
कुल मैच : 102
भारत जीता : 30
आस्ट्रेलिया जीता: 43
ड्रा : 28
टाई : 1
नागपुर में 2010 से नहीं हारा भारत
वर्ष, बनाम, नतीजा
2008, आस्ट्रेलिया, भारत 172 रन से जीता
2010, द. अफ्रीका, भारत पारी और छह रन से हारा
2010, न्यूजीलैंड, भारत पारी और 198 रन से जीता
2012, इंग्लैंड, ड्रा
2015, द. अफ्रीका, भारत 124 रन से जीता
2017, श्रीलंका, भारत पारी और 239 रन से जीता








