सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केन्द्र में रोजगारपरक पाठ्यक्रमों हेतु प्रवेश 10 जून से

SHARE:

Sampurnananda Sanskrit University
[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

BNP NEWS DESK।  Sampurnananda Sanskrit University सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के अंतर्गत संचालित ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केन्द्र में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु वार्षिक डिप्लोमा एवं षाणमासिक प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया 10 जून 2026 से प्रारम्भ होकर 05 जुलाई 2026 तक चलेगी।

केन्द्र की समस्त शैक्षणिक गतिविधियाँ नामांकन, प्रवेश, कक्षाएँ, अध्ययन सामग्री, परीक्षा एवं प्रमाणपत्र वितरण पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएँगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के वित्तीय सहयोग से संचालित यह केन्द्र भारतीय ज्ञान परम्परा, संस्कृत भाषा एवं संस्कृति के प्रसार के साथ-साथ रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

महिलाओं एवं प्रवासी भारतीयों के लिए वरदान बन रहा ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केन्द्र

कुलपति प्रो बिहारी लाल शर्मा ने यह पहल विशेष रूप से महिलाओं, कामकाजी व्यक्तियों, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विदेशों में रह रहे भारतीयों तथा भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परम्पराओं में रुचि रखने वाले साधकों के लिए अत्यन्त उपयोगी सिद्ध हो रही है, क्योंकि वे घर बैठे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।

ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केन्द्र के निदेशक प्रो. रमेश प्रसाद ने बताया कि षाणमासिक प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में कर्मकाण्ड, ज्योतिष एवं कुण्डली विज्ञान, वास्तु विज्ञान, संस्कृत सम्भाषण (भाषा शिक्षण), योग तथा पालि विषयों का अध्ययन कराया जाएगा। वहीं वार्षिक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में कर्मकाण्ड तथा ज्योतिष एवं कुण्डली विज्ञान में प्रवेश दिया जाएगा। षाणमासिक प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों का शुल्क ₹1500 तथा वार्षिक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों का शुल्क ₹2000 निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में स्थापना के बाद से यह केन्द्र देश-विदेश के 5000 से अधिक अभ्यर्थियों को भारतीय ज्ञान परम्परा आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर चुका है।

इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को पारम्परिक ज्ञान, सांस्कृतिक चेतना एवं व्यावहारिक कौशल का समन्वित प्रशिक्षण प्राप्त होता है, जिससे स्वरोजगार एवं व्यावसायिक अवसरों के नए आयाम भी विकसित हो रहे हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केन्द्र की वेबसाइट https://ssvvostc.ac.in/ पर प्रवेश प्रक्रिया एवं पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश सम्बन्धी किसी भी जानकारी के लिए 7991833155 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

 

BNPNEWS
Author: BNPNEWS

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें