बीएनपी न्यूज डेस्क। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली एक बार फिर मैदान पर चौके छक्के जड़ते दिखाई दिए। इस बार दादा अपने होम ग्राउंड कोलकाता के ईडन गार्डेंस मैदान पर ही एक बार फिर अपने बल्ले का जौहर दिखाने उतरे थे। हालांकि 20 गेंदों में 35 रन की ताबड़तोड़ बैटिंग दिखाने के बावजूद वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए और उनकी टीम को एक रन से हार का सामना करना पड़ा। दरअसल यह मैच बीसीसीआई की शनिवार को होने वाली एसजीएम मीटिंग से पहले बीसीसीआई अध्यक्ष इलेवन की सचिव एकादश की टीम से भिड़ रही थी। अध्यक्ष इलेवन की टीम की अगुआई सौरव गांगुली कर रहे थे, जबकि सचिव इलेवन के कप्तान जय शाह थे।
फिनिशर बने गांगुली लेकिन हारी टीम
गांगुली छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। ‘फिनिशर’ की भूमिका निभा रहे गांगुली ने 20 गेंद में दो छक्के और चार चौकों की मदद से 35 रन बनाए। शहर के पसंदीदा बेटे गांगुली ने उसी स्वछंदता से बल्लेबाजी करते हुए ऑफ साइड पर कट और ड्राइव शॉट से अपनी पारी आगे बढ़ाई। उन्हें मैच के नियमों के अनुसार रिटायर होना था और उनकी टीम महज एक रन से पीछे रहकर हार गई।
जय शाह ने झटके तीन विकेट
गांगुली के घरेलू मैदान में बीसीसीआई सचिव शाह ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से कमाल कर दिया और सात ओवर में 58 रन देकर तीन विकेट चटकाकर स्टार बने. इससे टीम 128 रन के स्कोर का बचाव कर सकी। उन्होंने ईडन के पसंदीदा क्रिकेटर मोहम्मद अजहरूद्दीन का विकेट झटका जो दो रन पर पगबाधा आउट हुए। शाह ने गोवा क्रिकेट संघ के सूरज लोटलिकर को भी आउट किया. स्कोर में एक रन भी नहीं जुड़ा था कि टीम को तीसरा झटका लगा जब सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरे बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अविषेक डालमिया 13 रन बनाकर रन आउट हुए।








