BNP NEWS DESK। google map केरल के दो डाक्टरों को गूगल मैप का सहारा लेना भारी पड़ गया और उनकी जान चली गई। भारी बारिश के बीच कार से सफर कर रहे दो डाक्टर गूगल मैप के गलत निर्देशों पर आगे बढ़ रहे थे, इस दौरान कार पेरियार नदी में समा गई। 29 वर्षीय अद्वैत और 29 वर्षीय अजमल जिले के एक प्राइवेट अस्पताल में पदस्थ थे। पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों के साथ यात्रा कर रहे तीन अन्य लोग दुर्घटना में घायल हो गए और उनका पास के अस्पताल में उपचार किया गया।
google map पुलिस ने बताया कि यह घटना केरल के एर्नाकुलम जिले के गोथुरुथ इलाके की है। जहां शनिवार की रात कार में सवार पांच गूगल मैप की मदद से कहीं जा रहे थे। उन्हें अंदाजा नहीं था कि गूगल मैप उन्हें मौत का रास्ता दिखा रहा है। वह गूगल मैप के कहने पर सीधे चलते चले गए। यह सड़क नहीं बल्कि नदी थी, जिसके बारे में गूगल मैप ने उन्हें नहीं बताया।
आखिर उनकी कार नदी में डूबने लगी। सभी चिल्लाने लगे। तीन अन्य किसी तरह बाहर निकल गए लेकिन कुछ ही देर में डा अद्वैत और उनके साथी डाक्टर की डूबकर मौत हो गई। हादसे को देख घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस बीच, अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले डाक्टर अच्छे दोस्त थे और उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने की योजना बना रहे थे। सूत्रों ने बताया कि समूह कोच्चि से अद्वैत का जन्मदिन मनाकर वापस आ रहा था।
गूगल मैप का उपयोग करते समय क्या करें और क्या न करें
केरल पुलिस ने एक फेसबुक पोस्ट में लोगों से कहा कि मानसून के मौसम के दौरान वे अपरिचित मार्गों से यात्रा करने से बचें। गूगल मैप का उपयोग करते समय ‘क्या करें’ और ‘क्या न करें’ की सूची जारी करते हुए पुलिस ने कहा कि मानसून के दौरान अकसर मार्गों को बदल दिया जाता है, लेकिन हो सकता है कि मानचित्र पर इसकी जानकारी न हो।
पोस्ट में कहा गया कि इन दिनों ड्राइविंग के लिए गूगल मैप बहुत मददगार है। हालांकि, मैप को देखकर अपरिचित रास्तों पर जाना, खासकर मानसून के दौरान, कभी-कभी खतरनाक होता है। राज्य पुलिस ने कहा कि गूगल मैप कम दूरी वाला मार्ग दिखा देता है, लेकिन हो सकता है कि ऐसे मार्ग सुरक्षित न हों।
पुलिस ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि यदि वे यात्रा के दौरान रास्ते में अपना जीपीएस सिग्नल खो देते हैं, तो संदर्भ के लिए मैप को अपने पास रखें। पुलिस ने कहा कि गूगल मैप पर यात्रा का उचित तरीका चुनना न भूलें। चार पहिया, दोपहिया, साइकिल, पैदल और ट्रेन विकल्पों में से चुनें। कृपया ध्यान दें कि चार पहिया वाहन बाइक का रास्ता नहीं अपना सकता।








