BNP NEWS DESK। NITISH KUMAR बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को यह कहा कि वे यह चाह रहे कि यह अविलंब तय हो जाए कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा। मुंबई में एक सितंबर को होने वाली बैठक के पांच दिन पहले नीतीश ने पटना में एक रोड प्रोजेक्ट के निरीक्षण के बाद यह बात कही।
उन्होंने कहा कि कुछ और पार्टियां आइएनडीआइए के साथ आ रही। पुन: हम सब एक साथ मिल-बैठकर निर्णय लेंगे। भाजपा जान चुकी है कि विपक्ष की इस एकजुटता से उसका नुकसान तय है। इसलिए भाजपा के लोगों द्वारा अनाप-शनाप बोला जा रहा। भाजपा के लोग क्या बोलते हैं, हम इस पर ध्यान नहीं देते।
बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश के सार्वजनिक उपक्रमों और राष्ट्रीय संपत्ति को कथित सुधार की आड़ में बड़े उद्योगपतियों को बेच रही। यह गरीबों, किसानों के साथ देशहित के विरुद्ध है।
मोदी सरकार को यह बताना चाहिए कि कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों को राष्ट्रीय संपत्ति बेचने से देशवासियों और अर्थव्यवस्था काे कैसे सहायता मिलेगी? उन्होंने कहा कि निजीकरण द्वारा सरकारी नौकरियों को समाप्त करना, सरकारी नौकरियों एवं सार्वजनिक उपक्रमों में वंचित वर्ग के आरक्षण को समाप्त करना केंद्र सरकार की एक दीर्घकालिक योजना है।








