BNP NEWS DESK। Venus Planet सौरमंडल का सर्वाधिक खूबसूरत ग्रह वीनस (शुक्र) सोमवार से मार्निंग स्टार बन जाएगा और भोर में अगले छह महीने तक आकाश में टिमटिमाता नजर आएगा। इस सब के बीच विज्ञानियों ने शुक्र पर सूक्ष्म जीव के मौजूद होने की संभावना भी जताई है।
Venus Planet आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वरिष्ठ खगोलशास्त्री डा. शशिभूषण पांडेय के अनुसार दुनिया में कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं जिसने वीनस को न देखा हो और उसकी सुंदरता पर मोहित न हुआ हो।
शुक्र लगभग हर 19 महीने में पृथ्वी और सूर्य के बीच आता है
किस्से-कहानियों में चांद के बाद इसी का जिक्र मिलता है। बहरहाल शुक्र अब वह पश्चिम की जगह पूर्व में नजर आएगा और मार्निंग स्टार कहलाएगा।
शुक्र लगभग हर 19 महीने में पृथ्वी और सूर्य के बीच आता है। इस बार 13 अगस्त, 2023 को यह पृथ्वी व सूर्य के बीच आया था। शुक्र को पृथ्वी का सिस्टर प्लेनेट माना जाता है। इसका एक वर्ष 224.7 दिन का होता है। शुक्र को प्रेम और सौंदर्य प्रतीक माना जाता है।
चंद्रमा के बाद शुक्र रात्रि आकाश का सबसे चमकीला ग्रह है। 21 अगस्त से यह ग्रह भोर के समय नजर आना शुरू हो जाएगा। खगोल शास्त्रियों को हाल ही में शुक्र के वायुमंडल में फास्फीन गैस मिली है, जो वहां जीवन होने का संकेत दे रही है।
हो सकता है कि शुक्र के बादलों में सूक्ष्म जीव तैर रहे हों। असल में फास्फीन फास्फोरस के एक और हाइड्रोजन के तीन कणों से मिलकर बना है। इस कारण शुक्र पर सूक्ष्म रूप में जीवन की संभावना नजर आती है।
भौतिक सुख देता है शुक्र :
वैदिक ज्योतिष में नवग्रहों का अपना विशेष महत्व है, जिनका मनुष्य के जीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। सूर्य जहां व्यक्ति को मान-सम्मान और प्रसिद्धि दिलाते हैं तो शुक्र जातकों को उनके जीवन में सुख-सुविधाओं समेत सभी वैभव प्रदान करते हैं।
शुक्र को वैदिक ज्योतिष शास्त्र में बहुत ही शुभ माना जाता है, जिन जातकों की कुंडली में शुक्र मजबूत होते हैं उन्हें जीवन में भौतिक सुख, सुंदरता और वैभव की प्राप्ति होती है।








