BNP NEWS DESK। Womens Premier League मुंबई में सोमवार को हुई महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) नीलामी में भारतीय उपकप्तान स्मृति मंधाना सबसे महंगी बिकीं। रायल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने स्मृति के लिए सबसे बड़ी बोली लगाते हुए 3.4 करोड़ रुपये में खरीदा।
Womens Premier League स्मृति का आधार मूल्य 50 लाख रुपये था। वहीं आस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर सबसे महंगी बिकने वाली विदेशी खिलाड़ी बनीं। उन्हें अदाणी समूह की टीम गुजरात जाइंट्स ने 3.2 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को मुंबई इंडियंस ने खरीदा
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को स्मृति से करीब आधी राशि में मुंबई इंडियंस ने 1.8 करोड़ रुपये में खरीदा। मुंबई ने सबसे ज्यादा राशि इंग्लैंड की नैट स्किवर ब्रंट पर खर्च की, जिन्हें 3.2 करोड़ रुपये में खरीदा। भारतीय आलराउंडर दीप्ति शर्मा दूसरी महंगी भारतीय खिलाड़ी बनीं, जिनके लिए यूपी वारियर्स ने 2.6 करोड़ रुपये खर्च किए। हाल ही में अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप जीतने वाली कप्तान शेफाली वर्मा और टी-20 विश्व कप में रविवार को पाकिस्तान के विरुद्ध भारत को जीत दिलाने वाली जेमिमा रौड्रिग्ज को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा।
हम एक बड़ी टीम बना सकेंगे
हम आइपीएल में पुरुष खिलाड़ियों की नीलामी देखते रहे हैं। महिला खिलाड़ियों के लिए इस तरह की नीलामी होना बड़ा पल है। यह पूरी प्रक्रिया काफी कड़ी है। आरसीबी की विरासत काफी बड़ी है और उनका फैन बेस भी काफी बड़ा है। उम्मीद करते हैं कि हम एक बड़ी टीम बना सकेंगे।
स्मृति मंधाना
सबसे महंगी शीर्ष पांच खिलाड़ी
खिलाड़ी, देश, टीम, राशि
स्मृति मंधाना, भारत, आरसीबी, 3.4 करोड़
एश्ले गार्डनर, आस्ट्रेलिया, गुजरात जाइंट्स, 3.2 करोड़
नैट स्किवर ब्रंट, इंग्लैंड, मुंबई इंडियंस, 3.2 करोड़
दीप्ति शर्मा, भारत, यूपी वारियर्स, 2.6 करोड़
जेमिमा रौड्रिग्ज, दिल्ली कैपिटल्स, 2.2 करोड़
(राशि रुपये में)
409 खिलाड़ियों की नीलामी में शामिल हुईं
03 खिलाड़ियों को तीन करोड़ से ज्यादा की राशि मिली
09 भारतीय खिलाड़ियों को एक करोड़ से ज्यादा मिले
04 देशों की कप्तानो को नहीं मिला कोई खरीदार
12 करोड़ रुपये की राशि थी टीमों के पास
7.12 करोड़ रुपये आरसीबी ने चार खिलाड़ियों पर खर्च किए








