बीएनपी न्यूज डेस्क। सादात थाने से चंद कदम की दूरी पर नगर के वार्ड नं दो निवासी मोबाइल व इलेक्ट्रिक मैकेनिक शिवदास सोनकर उर्फ डब्लू (40) ने घरेलू कलह में रविवार की रात्रि आरव उर्फ राहुल(6), बेटी सेजल (4) व पत्नी आशा उर्फ रीना (35) साल की गला घोंटकर हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले रात्रि में घर पर ही मुर्गा बनाया था। अंदेशा है कि खाने में नशीला या जहरीला पदार्थ भी मिला दिया। हालांकि यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पत्नी पर शक करने से आए दिन दंपती में कलह होती थी। एक साथ घर से चार शव निकले तो लोगों का कलेजा दहल उठा।
वार्ड दो निवासी स्व. मोहन सोनकर के चार पुत्र सुभाष, शिवदास, संजय व सर्वेश एक मंजिल मकान में अपने हिस्से के एक-एक कमरे में रहते हैं। बड़ा पुत्र सुभाष टीवी मैकेनिक हैं। दूसरा शिवदास भी इलेक्ट्रिशियन व मोेबाइल मैकनिक था। तीसरा होमगार्ड व चौथा भाई सर्वेश सिद्धार्थनगर एसपी आफिस में तैनात है।
सर्वेश अपना परिवार साथ में रखता है। बाकी भाइयों का यही रहता है। शिवदास रेलवे स्टेशन रोड पर मोबाइल बनाने की दुकान कुछ माह से बंद कर वह घर पर रहता था। रविवार की रात शिवदास ने घर पर मुर्गा बनाकर स्वजन के साथ खाया। इसके बाद पत्नी व दोनों बच्चों की तकिया से गला घोंटकर हत्या कर दी और खुद फंदे पर झूल गया। सुबह साढे सात बजे तक कमरे का दरवाजा बंद था और बच्चे बाहर नहीं निकले। रिश्तेदारी में जा रही उसकी भाभी बबीता ने बच्चों से मिलने के लिए दरवाजा खुलवाया।
आवाज देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए। शिवदास का शव फांसी पर लटका था। शोरगुल सुन आए स्वजन ने अंदर से बंद दरवाजे को तेज धक्का दिया तो खुल गया। देखा कि पत्नी व दोनों मासूम बच्चे बेड पर मृत पड़े थे। मौक पर खाली सीरिंज भी मिलीं। एसपी रामबदन सिंह, एसपी सीटी गोपीनाथ सोनी, सैदपुर सीओ बलिराम व एसडीएम बीरबहादुर मौके पर पहुंचे।
मैकेनिक की शादी वर्ष 2014 में देवकली पहाड़पुर निवासी सोवालाल की पुत्री आशा से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों में नहीं पटती थी। इसी के चलते आशा डेढ़ साल मायके में रही। अभी द़ो माह पहले ही आई थी। तीन दिन पहले हुई मारपीट में आशा के मायकेवालों ने आकर मध्यस्थता कराई थी। पिता सोवालाल ने आरोप लगाया कि कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।






