बीएनपी न्यूज डेस्क। अगले 2 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में घने कोहरे की संभावना है और 24 जनवरी को इन क्षेत्रों में ठंड के हालात बने रहेंगे। 25-27 जनवरी के दौरान इन क्षेत्रों में अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति की संभावना भी है। भारत मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। अगले 3 दिनों के दौरान मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में घने कोहरे की स्थिति और 25 व 26 जनवरी को ठंडे दिन की स्थिति की संभावना है। विभाग ने अनुमान जताया कि लोगों को अभी ठंड और कोहरे की दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है। 2022 के जनवरी माह में हुई बारिश ने पिछले 122 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों को अभी कुछ दिन तक ठंड से राहत नहीं मिलेगी।
यूपी में बारिश ने बढ़ाई ठिठुर
उत्तर प्रदेश में दो दिन से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग में अगले दो दिन तक बारिश की चेतावनी के के साथ कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है.मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, यूपी में 30 जनवरी तक लगातार ठंड बढ़ेगी और अगले दो दिन तक बारिश होती रहेगी. मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से गुरुवार की रात और शनिवार को दिनभर बूंदाबांदी हुई है। आने वाले दो दिनों में भी मौसम का रुख कुछ इसी तरह रह सकता है। वहीं शनिवार की रात भर रह रहकर हो रही बरसात की वजह से मौसम बदला रहा। तड़के कोहरा नजर आया और घने कोहरे में वाहन भी हाइवे पर रेंगते नजर आए। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक और बारिश और बूंदाबांदी के संकेत दिए हैं।








