बनारस रेल इंजन कारखाना ने 1000वां इलेक्ट्रिक रेल इंजन सहस्‍त्र  किया राष्ट्र को समर्पित

SHARE:

Varanasi Railway Division

बीएनपी न्‍यूज डेस्‍क। बनारस रेल इंजन कारखाना ने अपना 1000वां विद्युत इंजन बना लिया है, इसके साथ ही एक ही वित्तीय वर्ष में 281 रेल इंजन बनाने का रिकार्ड भी। शनिवार को कारखाना की महाप्रबंधक अंजली गोयल ने यहां निर्मित 1000वां विद्युत रेल इंजन डब्ल्यूएजी 9 एचसी “सहस्‍त्र” राष्‍ट्र को समर्पित किया।
बरेका के न्‍यू लोको टेस्‍ट शाप में आयोजित एक सादे समारोह में कोविड नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए वरिष्‍ठ अधिकारियों, उत्‍पादन की प्रगति में सहयोग करने वाले कर्तव्‍यनिष्‍ठ कर्मचारियों के साथ विधिवत् पूजन-अर्चन के बाद हरी झंडी दिखाकर उन्होंने 1000वें इंजन सहस्र को राष्‍ट्र की सेवा में समर्पित किया। इस उपलब्धि से बरेका कर्मचारियों में काफी उत्‍साह की लहर दौड़ गई। सबने इस ऐतिहासिक क्षण का जोरदार ताली बजाकर स्‍वागत किया।

खान आलमपुरा मार्शलिंग यार्ड को भेजा गया 1000वां इंजन
बरेका में पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक से निर्मित 6000 अश्व शक्ति का यह 1000वां इंजन डब्ल्यूएजी 9 एचसी विद्युत लोको संख्या 41379 उत्तर रेलवे के खान आलमपुरा मार्शलिंग यार्ड को भेजा जा रहा है।

पांच वर्ष पूर्व दो रेल इंजन बनाने से हुई थी शुरुआत
बरेका में विद्युत रेल इंजन निर्माण की शुरुआत वर्ष 2016-17 में दो विद्युत रेल इंजन से हुई थी, जो वर्ष 2017-18 में 25, वर्ष 2018-19 में 145, वर्ष 2019-20 में 272, वर्ष 2020-21 में 275 तक पहुंची। अब इस सत्र 2021-22 में 22 जनवरी 2022, शनिवार तक 281 विद्युत रेल इंजन निर्माण कर कारखाना ने अपने पिछले सभी कीर्तिमान को ध्‍वस्‍त कर दिया है। लोकार्पण के अवसर पर हर‍ि झंडी दिखाने वाले महिला कर्मचारी मंजू यादव, गीतांजली मिश्रा, अनिता देवी, बसंती देवी, प्रियंका स्‍वरूप, प्रीती वाही तथा पुरुष कर्मचारियों में अमरनाथ यादव, सुरेश शर्मा ने महाप्रबंधक के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

बरेका के अधिकारियों-कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का परिणाम
महाप्रबंधक अंजली गाेयल ने बरेका के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके इस उत्‍कृष्‍ट उपलब्धि की सराहना की तथा सभी को बधाई दी। इसके पूर्व उन्होंने लोको का गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्‍ता, कारीगरी, सुरक्षा, संरक्षा, हाउस कीपिंग में और अधिक सुधार के लिए निर्देशित किया। कहा कि बरेका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कड़ी मेहनत एवं लगन के फलस्‍वरूप वित्तीय वर्ष 2021-22 में कोविड-19 के संक्रमण के बावजूद 281 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण कर एक नया कीर्तिमान स्‍थापित किया है। बरेका में यह उत्‍पादन किसी भी वित्‍तीय वर्ष में कार्य दिवसों के मामलों में सबसे अधिक है।
इस अवसर पर मुख्‍य रूप से प्रमुख मुख्‍य विद्युत इंजीनियर राजेश कुमार राय, प्रमुख मुख्‍य यांत्रिक इंजीनियर अमिताभ, प्रमुख वित्‍त सलाहकार योगेश कुमार श्रीवास्‍तव, प्रमुख मुख्‍य कार्मिक अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, प्रधान मुख्‍य सुरक्षा आयुक्‍त रणवीर सिंह चौहान, प्रमुख मुख्‍य इंजीनियर संतोष शुक्‍ला, प्रमुख मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी डा. देवेश कुमार, मुख्‍य सतर्कता अधिकारी प्रमोद कुमार चौधरी व वरिष्‍ठ उप महाप्रबंधक विजय उपस्थित थे।

BNPNEWS
Author: BNPNEWS

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें