BNP NEWS DESK। Womens ODI World Cup आत्मविश्वास से लबरेज भारत की बेटियां रविवार को जब वनडे विश्व कप के फाइनल में मैदान पर उतरेगी तो उसका लक्ष्य पहली बार खिताब जीतने का होगा। हालांकि, उसके सामने चुनौती आसान नहीं होगी, क्योंकि उसका मुकाबला पहली बार फाइनल में पहुंची और शानदार फार्म में चल रही दक्षिण अफ्रीकी टीम से है।
दोनों टीमें इस ऐतिहासिक मुकाबले में जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ उतरेंगी, जहां दुनिया को एक नया विश्व चैंपियन मिलने वाला है।
भारत का सफर मौजूदा वनडे विश्व कप में बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा। लीग चरण के मध्य में टीम के बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन बल्लेबाजों ने अहम मौकों पर लय हासिल कर टीम को खिताबी दौड़ में बनाए रखा।
Womens ODI World Cup दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के विरुद्ध हार के बावजूद अपने बाकी सभी मैचों में दबदबे वाला प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 125 रन से हराकर अपनी ताकत साबित की।
जेमिमा-हरमन से बड़ी पारी की उम्मीद
भारत के लिए सेमीफाइनल की नायिका रहीं जेमिमा रोड्रिग्स (नाबाद 127 रन) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (89 रन) से फाइनल में भी वैसी ही जिम्मेदार पारी की उम्मीद होगी।
जेमिमा का फार्म भारत की बल्लेबाजी की रीढ़ रहा है, जबकि हरमनप्रीत अपने अनुभव और आक्रामक अंदाज से टीम को आगे बढ़ा रही हैं। प्रारंभिक बल्लेबाज स्मृति मंधाना भी इस समय शानदार लय में हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 389 रन बनाए हैं और दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट (470 रन) के बाद दूसरे स्थान पर हैं।
हालांकि, टीम को प्रतिका रावल की कमी खलेगी, जो चोट के कारण बाहर हो गई हैं। उनकी जगह शामिल हुई युवा शेफाली वर्मा से टीम को तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। मिडिल आर्डर में दीप्ति शर्मा, रिचा घोष और अमनजोत कौर ने कई मौकों पर टीम को तेज रन देकर मजबूत स्थिति में पहुंचाया है।
स्पिन होगी भारत का हथियार
भारत की सबसे बड़ी चुनौती गेंदबाजी रही है। टीम को अपने स्पिनरों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी स्पिन के सामने संघर्ष करती दिखी है। आस्ट्रेलियाई स्पिनरों के विरुद्ध उनका शीर्षक्रम जूझता नजर आया था, ऐसे में भारत को उनकी इस कमजोरी का फायदा उठाना होगा।
दक्षिण अफ्रीका का आत्मविश्वास ऊंचाई पर
दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को करारी शिकस्त दी। कप्तान लौरा वोल्वार्ट इस समय बेहतरीन फार्म में हैं और इंग्लैंड के विरुद्ध उन्होंने रिकार्ड 169 रन की पारी खेली थी। वोल्वार्ट का विकेट भारतीय गेंदबाजों के लिए सबसे अहम रहेगा। वहीं, अनुभवी आलराउंडर मरिजान कैप ने सेमीफाइनल में पांच विकेट झटके थे और उनकी तेज गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी ने टीम को मजबूती दी है। Womens ODI World Cup
इस प्रकार हैं टीमें
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), उमा छेत्री (विकेटकीपर), रिचा घोष (विकेटकीपर), हरलीन देओल, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, श्री चरणी, राधा यादव।
दक्षिण अफ्रीका: लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), एनेके बाश, तजमिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लार्क, एनेरी डर्कसन, सिनालो जाफ्ता, मारिजान काप अयाबोंगा खाका, मसाबाता क्लास, सुने लुस, कराबो मेसो, नानकुलुलेको म्लाबा, तुमी सेखुखुने, नोंडुमिसो टंगारियोन। Womens ODI World Cup
















Discussion about this post