BNP NEWS DESK। Banke Bihari ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के करीब 160 वर्ष पुराना खजाना (तोषखाना) 54 वर्ष बाद शनिवार को खोला गया। चार संदूकों में से दो में बर्तन और चांदी का एक छोटा छत्र ही मिला। मंदिर के पट खुलने का समय होने के कारण काम को रोक देना पड़ा। अब शेष दो संदूकों को रविवार को खोला जाएगा। तहखाने में मलबे के बीच दो छोटे सर्प निकलने से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। मंदिर के गर्भगृह के बगल में कमरे के नीचे तहखाना है।
Banke Bihari इसे इससे पहले 1971 में खोला गया था। तब ठाकुर जी के चढ़ावे में आए जेवरात व अन्य वस्तुओं को बक्से में सील कर भूतेश्वर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के लाकर में रखवा दिया गया था। तब से खजाने में सील लगी थी। सुप्रीम कोर्ट से गठित उच्च प्रबंधन समिति के निर्देश पर शनिवार दोपहर डेढ़ बजे सिविल जज जूनियर डिवीजन शिप्रा दुबे और समिति सदस्यों की उपस्थिति में खजाना खोला गया।
लोहे के दरवाजे पर लगा ताला कटर से काटा गया
मुख्य द्वार पर लोहे के दरवाजे पर लगा ताला कटर से काटा गया। आठ गुणा दस फीट के इस कमरे में काफी मिट्टी भरी थी। मिट्टी हटाने पर धूल उड़ने से अधिकारियों को कुछ देर बाहर खड़े होना पड़ा। कमरे में बाईं ओर स्थित लोहे के दरवाजे को सब्बल डालकर खोला गया। छह गुणा चार फीट के इस कमरे में चार लोहे और एक लकड़ी का संदूक और जेवरात के खाली बाक्स मिले।
लोहे के संदूक के कुंडे टूटे हुए थे और उनके बंद ताले संदूक में रखे थे। दो संदूक में कांसे और पीतल के बर्तन निकले। लकड़ी के खाली बाक्स में एक अखबार मिला जो 1970 का बताया गया है। कमरे में एक छोटा चांदी का छत्र, तीन बड़ी पीतल की डेग, तीन पीतल के कलश, एक परात, डेढ़ फीट ऊंचाई के चार गोलाकार पत्थर, एक फीट ऊंचा लकड़ी का तख्ता, दो पीतल के छोटे घंटे भी मिले।
दो सांप मिलने से अफरातफरी मच गई
कमरे के फर्श पर रखे एक पत्थर को हटाया गया तो उसमें नीचे जाने की सीढ़ी दिखाई दी। करीब सात सीढ़ी के बाद नीचे तीन गुणा चार फीट का एक छोटा कमरा मिला।
इसमें दो सांप मिले, इससे अफरातफरी मच गई। वन विभाग की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। मंदिर खुलने का समय होता देख साढ़े चार बजे तहखाने से टीम बाहर आ गई। समिति के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि खजाने में मिली सामग्री की सूची बनाई गई है। Banke Bihari
उच्च प्रबंधन समिति के सचिव व डीएम सीपी सिंह ने बताया कि अभी टीम ने कोई रिपोर्ट नहीं दी है, क्या निकला है, यह नहीं पता है। रविवार को दोबारा से खजाना खोला जाएगा। टीम की रिपोर्ट के बाद कुछ कहा जा सकता है।
















Discussion about this post