बीएनपी न्यूज डेस्क। निर्वाचन आयोग ने शनिवार को पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रमों की घोषणा कर दी। सभी राज्यों में सात चरणों में मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तहत 10 फरवरी से लेकर सात मार्च तक सात चरणों में मतदान होगा, वहीं उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में 14 फरवरी को एक चरण में वोट डाले जाएंगे। मणिपुर में दो चरणों में 27 फरवरी और तीन मार्च को मतदान होगा। सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना 10 मार्च को होगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने एक संवाददाता सम्मेलन में चुनाव संबंधी तारीखों का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए चुनावी प्रक्रिया को संपन्न किया जाएगा और इसमें हिस्सा लेने वाले सभी कर्मियों को कोविड-19 रोधी टीके की एहतियाती खुराक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर सैनिटाइजर और मास्क जैसी कोविड से बचाव की सुविधाएं उपलब्ध होंगी और मतदाता केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 14 मई को पूरा हो रहा है जबकि उत्तराखंड और पंजाब विधानसभा का कार्यकाल 23 मार्च को समाप्त हो रहा है। गोवा विधानसभा का कार्यकाल 15 मार्च और मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 19 मार्च को समाप्त हो रहा है।
चुनावों की घोषणा के साथ ही सभी पांच राज्यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई।
कुल कितने वोटर्स
पांचों राज्य की कुल 18.34 करोड़ वोटर मतदान करेंगे। 80 साल से ज्यादा, दिव्यांग और कोविड प्रभावित के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था होगी। 24.9 लाख मतदाता पहली बार डालेंगे वोट
11.4 लाख लड़कियां पहली बार वोट करेंगी। सभी पोलिंग बूथ ग्राउंड फ्लोर पर होंगे। बूथ पर सैनिटाइजर, मास्क उपलब्ध होगा। कोरोना नियमों के साथ चुनाव कराए जाएंगे। पोलिंग बूथ पर मास्क, सेनिटाइजर आदि उपलब्ध कराए जाएंगे। थर्मल स्कैनिंग की भी व्यवस्था की गई है।
कितनी विधानसभा में चुनाव
पांच राज्यों की 690 विधानसभा में डाले जाएंगे वोट। 2 लाख 15 हजार 368 पोलिंग बूथ होंगे पिछली बार की तुलना मे16 फीसदी का इजाफा। 2 लाख 15 हजार से ज्यादा पोलिंग स्टेशन होंगे।
1620 स्टेशन पर सिर्फ महिला कर्मचारी होंगी। सभी पोलिंग बूथ पर व्हीलचेयर की व्यवस्था होगी।
किस राज्य में कितनी सीटें
उत्तर प्रदेश- 403 विधान सभा सीटें
गोवा- 40 विधान सभा सीटें
मणिपुर- 60 विधान सभा सीटें
पंजाब- 117 विधान सभा सीटें
उत्तराखंड- 70 विधान सभा सीटें
सात चरणों में होगा यूपी चुनाव
उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी को पहले चरण का चुनाव होगा। 14 फरवरी को दूसरा चरण। 20 फरवरी को तीसरा चरण। 23 फरवरी को चौथे चरण। 27 फरवरी को पांचवे चरण का चुनाव होगा। तीन मार्च को छठे चरण और सात मार्च को सातवें चरण का चुनाव होगा।






