BNP NEWS DESK। Asian Games 2026 जापान ने शनिवार को अपनी अत्याधुनिक तकनीक, औद्योगिक ताकत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम प्रस्तुत करते हुए 20वें एशियाई खेलों का रंगारंग शुरुआत की। आयोजन से पहले अव्यवस्थाओं, लाजिस्टिक चुनौतियों और खिलाड़ियों के लिए कम सुविधाओं वाले आवास को लेकर उठे सवालों के बीच उद्घाटन समारोह ने आयोजन को नई ऊर्जा दी।
Asian Games 2026 आइची नागोया शहर में अगले 15 दिन में 45 देशों के करीब 11,000 खिलाड़ी 43 खेलों और 71 स्पर्धाओं में 469 स्वर्ण पदकों के लिए चुनौती पेश करेंगे। खेलों का समापन चार अक्टूबर को होगा।
‘वन एशिया’ की धड़कन बना दिल के आकार का मंच
Asian Games 2026 हार्ट बीट थीम पर आधारित उद्घाटन समारोह का केंद्र रहा दिल के आकार का मुख्य मंच, जिसने पूरे एशिया के खिलाड़ियों और लोगों के ‘दिल से दिल’ जुड़ने और ‘वन एशिया’ की भावना को दर्शाया।
जापान तीसरी बार एशियाई खेलों की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले 1958 में टोक्यो और 1994 में हिरोशिमा में खेल आयोजित हुए थे।
30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में पारंपरिक जापानी कला और आधुनिक औद्योगिक तकनीक का अनोखा मेल देखने को मिला। काबुकी मंच की झलक के साथ विशाल औद्योगिक रोबोटिक आर्म ने झंडा लहराया। जापान के सम्राट नारुहितो ने करीब दो घंटे चले समारोह के बीच आधिकारिक रूप से एशियाई खेलों के उद्घाटन की घोषणा की।
इस मौके पर महारानी मासाको, ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के अध्यक्ष शेख जूआन बिन हमद अल थानी और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की प्रमुख कर्स्टी कोवेंट्री मौजूद रहीं। Asian Games 2026
मनु भाकर और पवन सहरावत ने संभाली भारतीय अगुआई
भारतीय दल ने भी समारोह में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। ओलिंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने 150 सदस्यीय भारतीय दल की अगुआई की। मनु नौसेना रंग की साड़ी और बंधगला शैली की औपचारिक जैकेट में नजर आईं, जबकि भारतीय पुरुष खिलाड़ियों ने इसी रंग की बंधगला जैकेट और पैंट पहनी। परंपरा के अनुसार जापान ने 46 देशों की परेड का सबसे अंत में नेतृत्व किया।
लेजर, ड्रोन और 240 कलाकारों ने बांधा समां
समारोह की शुरुआत ‘अवेकनिंग आफ द स्पेस एंड द रेजोनेंट हार्ट बीट’ प्रस्तुति से हुई। जापान के लोकप्रिय वायलिन वादक और संगीतकार तारो हाकासे की धुनों के बीच रोशनी और लेजर ने स्टेडियम को जगमगा दिया। 10 मीटर ऊंचा विशाल झंडा ऊपर उठा, जबकि दिल के आकार के पंखों वाले ड्रोन हवा में चमकते नजर आए। Asian Games 2026
इसके बाद नागोया और आइची के 240 स्थानीय कलाकार चार अलग-अलग रंगों के समूहों में मंच पर पहुंचे। उनके तालमेल से बनी आकृतियां जीवन की गति और आपसी जुड़ाव को दर्शाती रहीं और अंत में कलाकारों ने मिलकर ‘वेलकम’ शब्द बनाया।
ओसीए अध्यक्ष अल थानी ने अपने संबोधन में खेलों को शांति, समझ और देशों के बीच दोस्ती का शक्तिशाली माध्यम बताया। अंत में मशाल रिले के अंतिम चरण और कड़ाही प्रज्वलन के साथ समारोह अपने चरम पर पहुंचा और नागोया में एशिया के खेल महाकुंभ का आधिकारिक शुरुआत हो गई। Asian Games 2026







