BNP NEWS DESK | Vehicle Market पिछले वर्ष वाहन बिक्री के मामले में भारत पहली बार जापान को पछाड़कर दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा वाहन बाजार बन गया है। निक्केई एशिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पिछले वर्ष 42.5 लाख नए वाहनों की बिक्री हुई है। वहीं, जापान में 42 लाख वाहनों की बिक्री हुई है।
Vehicle Market निक्केई एशिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में वाहन बिक्री की संख्या और बढ़ सकती है। इसका कारण यह है कि टाटा मोटर्स और अन्य वाहन निर्माताओं ने 2022 की चौथी तिमाही के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री का आंकड़ा अभी तक जारी नहीं किया है। 2021 में 2.62 करोड़ वाहनों की बिक्री के साथ वैश्विक वाहन बाजार में चीन शीर्ष पर था। 1.54 करोड़ वाहनों की बिक्री के साथ अमेरिका दूसरे और 44.4 लाख वाहनों की बिक्री के साथ जापान तीसरे नंबर पर था। निक्केई एशिया का कहना है कि भारत में वाहनों की बिक्री में हाल के वर्षों में उतार-चढ़ाव आया है।
Vehicle Market 2018 में भारत में करीब 44 लाख वाहनों की बिक्री हुई थी। लेकिन कर्ज की कमी के कारण 2019 में इनकी संख्या करीब चार लाख घटकर 40 लाख रह गई थी। 2020 में कोरोना के कारण लगाए गए देशव्यापी लाकडाउन के चलते वाहनों की बिक्री 30 लाख के स्तर पर सिमट गई थी। हालांकि, इसके बाद 2021 में भारत में वाहन बिक्री का आंकड़ा फिर से 40 लाख के पास पहुंच गया था| लेकिन सेमीकंडक्टर की कमी के कारण वाहन उद्योग की वृद्धि धीमी रही थी। इसमें दोपहिया-तिपहिया वाहनों की बिक्री शामिल नहीं है।
पेट्रोल-हाइब्रिड वाहनों की ज्यादा मांग रही
निक्केई एशिया के अनुसार, पिछले वर्ष यानी 2022 में भारत में नए वाहनों की बिक्री में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी पेट्रोल के साथ हाइब्रिड वाहनों की रही। हालांकि, इस दौरान इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) की संख्या भी बढ़ी है। सेमीकंडक्टर की आपूर्ति में सुधार के चलते 2022 में बिक्री में वृद्धि देखी गई। इसके चलते मारुति सुजुकी के साथ टाटा मोटर्स और अन्य वाहन निर्माताओं के वाहनों की बिक्री बढ़ी। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की आबादी इस समय 140 करोड़ है | जनसंख्या के मामले में भारत इस वर्ष चीन को पछाड़ देगा। भारत की जनसंख्या में 2060 तक वृद्धि होगी। इसके साथ भारत में आय भी बढ़ेगी।
भारत में बिक्री बढ़ने की काफी गुंजाइश
ब्रिटेन की रिसर्च फर्म यूरोमानिटर के मुताबिक, 2021 में भारत में केवल 8.5 प्रतिशत परिवारों के पास अपना वाहन था। इसका मतलब यह है कि भारत में वाहनों की बिक्री में वृद्धि की काफी गुंजाइश है। पेट्रोलियम आयात से होने वाले व्यापार घाटे के बीच सरकार ने ईवी के लिए सब्सिडी की पेशकश शुरू कर दी है। निक्केई एशिया के अनुसार, कोरोना महामारी के कारण चीन में वाहन उत्पादन में कमी आई है। ऐसे में कंपनियां मांग के अनुसार आपूर्ति में सक्षम नहीं हैं।
मारुति ने ग्रांड विटारा के दो सीएनजी माडल लांच किए
नई दिल्ली, प्रेट्र: देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने शुक्रवार को अपनी मध्यम-आकार वाली एसयूवी ग्रांड विटारा के सीएनजी ईंधन वाले दो माडल लांच किए। इनका मूल्य 12.85 लाख और 14.84 लाख (एक्स-शोरूम दिल्ली) तय किया गया है। कंपनी का दावा है कि मैन्युअल गियर वाला यह माडल 26.6 किलोमीटर प्रति किलोग्राम तक का माइलेज देता है। 1.5 लीटर इंजन वाली ग्रांड विटारा के पेट्रोल वर्जन के मूल्य 10.45 लाख से 19.49 लाख रुपये तक है।
2023 में 10 नए वाहन लांच करेगी मर्सिडीज
नई दिल्ली, प्रेट्र: जर्मनी की लक्जरी कार निर्माता कंपनी मर्सिडीज बेंज 2023 में भारत में 10 नए वाहन लांच करेगी। इन वाहनों का मूल्य एक करोड़ रुपये से ज्यादा होगा। मर्सिडीज बेंज इंडिया के नवनियुक्त सीईओ संतोष अय्यर ने कहा कि पिछले वर्ष कंपनी ने भारत में 15,822 वाहनों की बिक्री की है। इसमें एक करोड़ से ज्यादा मूल्य वाले वाहनों की संख्या 3,500 रही है।
जापान के 42 लाख के मुकाबले भारत में पिछले वर्ष 42.5 लाख वाहनों की बिक्री
2022 में सेमीकंडक्टर की आपूर्ति में सुधार के चलते भारत में वाहनों की बिक्री बढ़ी
टाटा मोटर्स समेत अन्य कंपनियों के वाणिज्यिक वाहन बिक्री के आंकड़े अभी जारी होंगे
2020 में देशव्यापी लाकडाउन के चलते 30 लाख इकाई पर सिमट गई थी वाहन बिक्री
2021 में 2.62 करोड़ वाहनों की बिक्री के साथ वैश्विक वाहन बाजार में चीन शीर्ष पर था
The Review
Vehicle Market
पिछले वर्ष वाहन बिक्री के मामले में भारत पहली बार जापान को पछाड़कर दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा वाहन बाजार बन गया है।
Discussion about this post