BNP NEWS DESK। Cyber Fraud साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देशभर में फर्जी (म्यूल) बैंक खाते खुलवाकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले तीन अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सर्विलांस व गहन जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार को गाजीपुर, लंका मैदान के सामने फुल्लनपुर तिराहा से तीनों को दबोच लिया। इसका राजफाश शनिवार को पुलिस अधीक्षक डा. ईराज राजा ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान किया।
Cyber Fraud उन्होंने बताया कि आरोपित लोगों को लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे और बाद में इन खातों को टेलीग्राम पर संचालित ‘क्राउन पे’ नामक कंपनी को बेच देते थे।
इन खातों में देशभर में ट्रेडिंग, गेमिंग व अन्य तरीकों से की गई साइबर ठगी की रकम मंगाई जाती थी। गिरफ्तार आरोपितों के मोबाइल की जांच में देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज करीब 75 शिकायतों में लगभग 67 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनके पास 700 से अधिक म्यूल खाते हैं। इनमें से कई खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर कर क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफार्म के जरिए लेन-देन किया जाता था और कमीशन भी क्रिप्टो (यूएसडीटी) में लिया जाता था। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और साइबर मुख्यालय लखनऊ व केंद्रीय एजेंसियों को भी रिपोर्ट भेजी जाएगी।
गिरफ्तार आरोपितों में शादियाबाद थाना क्षेत्र के सरायगोकुल निवासी ऋषिराज, जमानिया के बरुइन निवासी रोहन कुमार और सोनभद्र जिले के करमा थाना क्षेत्र के खैरपुर निवासी सचिन सिंह हैं। पुलिस तीनों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
ऐसे करते थे साइबर ठगी
आरोपित पहले पैसों की जरूरत वाले लोगों से दोस्ती करते थे। उन्हें लालच देकर उनके आधार, पैन व फोटो लेकर एमएसएमई और जीएसटी के जरिए बैंक में करंट खाता खुलवाते थे। इसके बाद खाते की पूरी जानकारी टेलीग्राम के जरिए गिरोह को भेज दी जाती थी। एपीके फाइल इंस्टाल कराकर मोबाइल पर आने वाले ओटीपी और मैसेज भी अपने पास प्राप्त कर लेते थे। बाद में इन्हीं खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेनदेन होता था। Cyber Fraud
यह हुआ बरामद
गिरफ्तार आरोपितों के पास से 19 सिम कार्ड, 12 एटीएम कार्ड, पांच विभिन्न बैंकों की पासबुक, एक चेकबुक, पांच मोबाइल फोन (कीमत करीब दो लाख रुपये), एक फर्म की मोहर, जीएसटी व एमएसएमई से संबंधित दस्तावेज आदि बरामद हुआ। Cyber Fraud
















Discussion about this post