BNP NEWS DESK। CNG Auto Rickshaw वाराणसी के मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में रीजनल ट्रांसपोर्ट अथारिटी (आरटीए) की बैठक गुरुवार को कमिश्नरी सभागार में आयोजित हुई। मंडलायुक्त ने शहर में एलपीजी सिलेंडर चालित आटो रिक्शा जिनकी संख्या लगभग 280 है उनका संचालन पूरी तरह रोकने का निर्देश दिया। सभी को तीन महीने में सीएनजी में तब्दील करने के लिए निर्देश दिया।
मंडलायुक्त ने राजमार्गों पर निर्धारित दूरी तक टेंपो का संचालन के अलावा अन्य पर रोक लगाने की बात कही। शहर में पहले से ही भारी संख्या में आटो के परमिट के चलते सुगम यातायात के दृष्टिगत नए आटो परमिट के रोक पर भी चर्चा हुई। प्राइवेट बस संचालकों द्वारा बड़ी बसों के स्थान पर मिनी बसों के संचालन की मांग पर नियमानुसार कार्यवाही के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में मंडल के विभिन्न जनपदों से संबंधित परिवहन व्यवस्थाओं, परमिट प्रकरणों तथा यातायात व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिवहन व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित व प्रभावी बनाने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने, वाहनों के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरटीए से जुड़े लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता व समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, आरटीओ राघवेन्द्र सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र समेत परिवहन विभाग अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
















Discussion about this post