BNP NEWS DESK। Budget 2026 रविवार को पेश होने वाले बजट में रिफार्म एक्सप्रेस को गति देने के लिए विशेष प्रविधान होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसके स्पष्ट संकेत दिए हैं। यूरोपीय संघ समेत विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते के बाद दुनिया के बाजार में भारतीय वस्तुओं की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बूस्ट करने के प्रविधान हो सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हंगामा कर सदन की कार्यवाही बाधित करने वाले विपक्षी सांसदों को भी आगाह किया और कहा कि आज समय व्यवधान का नहीं है, समाधान का है।
बजट सत्र के दूसरे दिन संसद परिसर में अपने पारंपरिक संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने रिफार्म, परफार्म और ट्रांसफार्म पर सरकार की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि सकारात्मक शक्ति से रिफार्म एक्सप्रेस को लगातार गति मिल रही है।
देश अब लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से बाहर निकल आया है और समाधान के रास्ते पर बढ़ गया है। रिफार्म एक्सप्रेस पर सवार देश अब अगली पीढ़ी के सुधारों की ओर बढ़ने वाला है।
“मदर आफ आफ डील्स” से भारतीय उद्योगों और निर्माताओं के लिए बहुत बड़ा बाजार
पीएम ने यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते को भारत के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की झलक बताया। उन्होंने इसे आकांक्षी युवाओं के लिए मुक्त व्यापार कहा। इससे रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने इस व्यापार समझौते से मिलने वाले अवसरों के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि “मदर आफ आफ डील्स” से भारतीय उद्योगों और निर्माताओं के लिए बहुत बड़ा बाजार खुल गया है।
उत्तम गुणवत्ता का सामान लेकर जाने का आह्वान किया, ताकि यूरोप के 27 देशों में कंपनियों के ब्रांड के साथ नए भारत का ब्रांड भी स्थापित हो सके। माना जा रहा है कि यूरोपीय देशों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए कौशल विकास के लिए बजट में विशेष प्रविधान हो सकता है।
इसके साथ ही भारत को दुनिया का मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए भी निवेश बढ़ाने, नई यूनिट लगाने और मौजूदा यूनिट के विस्तार के लिए नियमों और प्रक्रियाओं में ढील देने की घोषणा हो सकती है।
सरकार केवल फाइलों तक सीमित नहीं
प्रेट्र के अनुसार, मोदी ने कहा कि हमारी सरकार केवल फाइलों तक सीमित नहीं है। यह कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना भी सुनिश्चित कर रही है। आत्मविश्वास से भरा भारत विश्व के लिए आशा की किरण बनकर उभरा है।
21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा बीतने पर विचार करते हुए प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अगले 25 वर्षों के महत्व पर जोर दिया। कहा कि सदी का यह चौथाई हिस्सा बहुत सकारात्मक नोट पर शुरू हुआ है। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की भी सराहना की, जो सदी के दूसरे चौथाई हिस्से का पहला बजट पेश करेंगी। Budget 2026






