BNP NEWS DESK। Fly dubai फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर हमला करने वाले सह-पायलट की पहचान ओमानी नागरिक हमाम अल-हम्मामी के तौर पर हुई है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, उसके खतरनाक मंसूबे सामने आ रहे हैं। वह विमान को हाईजैक कर उसे इजरायल में क्रैश करना चाहता था।
इसी के चलते उसने विमान के काकपिट में मौजूद क्रैश एक्स (आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल के लिए रखी जाने वाली कुल्हाड़ी) से पायलट स्मित पर वार किया था और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने का प्रयास किया था। अल-हम्मामी आतंकी संगठन आइसिस से प्रभावित सीरिया में लंबा वक्त बिता चुका है।
Fly dubai वाल स्ट्रीट जर्नल और सीएनएन की रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि अल-हम्मामी को पहले 2024 में ओमान में उस समय उड़ान प्रशिक्षण से हटाया गया था, जब वह ओमान एयर में ट्रेनी को-पायलट था। उस वक्त उसके पास से चरमपंथी सामग्री मिली थी। इसके बाद वहां उसके विमान उड़ाने पर बैन लगा दिया गया था।
इसमें यह भी कहा गया है कि 29 वर्षीय अल-हम्मामी कट्टरपंथी विचारधारा का था। वह आतंकी संगठन अलकायदा के प्रति सहानुभूति रखता था। वह लगभग आठ महीने से फ्लाईदुबई के साथ काम कर रहा था। इस बीच, अमेरिकी टीवी नेटवर्क एबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक अल-हम्मामी जांचकर्ताओं का पूरा सहयोग कर रहा है और उसने उन्हें बताया है कि उसका मंसूबा इजरायल में विमान को क्रैश करने का था।
उधर, एनवाईटी के अनुसार, यूएई और अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि अब तक की जांच से पता चला है कि उसने अकेले ही यह हरकत की थी। आतंकवाद-रोधी अधिकारियों के लिए ‘लोन वुल्फ’ (अकेले काम करने वाले हमलावरों) का पता लगाना मुश्किल हो जाता है। Fly dubai
वाल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को हुई फ्लाईदुबई की फ्लाइट संख्या एफजेड-173 में घटना के दौरान 174 यात्री सवार थे। सह-पायलट अल-हम्मामी ने काकपिट में क्रैश एक्स से पायलट स्मित पर हमला किया था। इस दौरान विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से 17,000 फीट से अधिक नीचे आ गया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर रूप से घायल पायलट स्मित काकपिट के फर्श पर गिर गए थे। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है और उन्होंने काकपिट का दरवाजा खोलने के लिए आखिरी प्रयास किया और इसमें कामयाब भी हो गए। पायलट के दरवाजा खोलने के बाद यात्रियों और अन्य लोगों ने कथित हमलावर को काबू कर लिया था। इसके बाद दो रिजर्व पायलटों ने विमान को सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतार लिया था। वह हमामी को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, हमले के वास्तविक मकसद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।
जांच का नेतृत्व कर रहे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने शनिवार को कहा कि उसकी जांच में सामने आया है कि सह-पायलट ने ‘आतंकी वारदात’ को अंजाम देने का प्रयास किया था। यूएई के अटार्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी ने कहा कि सह-पायलट ने काकपिट में ‘क्रैश एक्स’ से कैप्टन पर हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि मामले की पूरी तह तक जाने के लिए जांच एजेंसियां जांच में जुटी हैं।
अल-हम्मामी का पिता ओमानी तो मां सीरियाई
सीएनएन के अनुसार, अल-हम्मामी का जन्म यूएई में ओमानी पिता और सीरियाई मां के घर हुआ था। उसने अपने जीवन के कई वर्ष यूएई में बिताए। उसने ब्रिटेन की बकिंघमशायर न्यू यूनिवर्सिटी से एविएशन मैनेजमेंट में तीन वर्षीय डिस्टेंस-लर्निंग पाठ्यक्रम पूरा किया और 2023 में स्नातक हुआ। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि वहां उसे पायलट प्रशिक्षण नहीं मिला था।
भारतीय पायलट की हालत में हो रहा सुधार
घायल भारतीय पायलट स्मित मच्छर का अबूधाबी के अस्पताल में इलाज चल रहा है। भारतीय दूतावास ने शनिवार को कहा कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है। दूतावास ने बताया कि वह उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। शुक्रवार को स्मित ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की थी और घटना के दौरान के भयावह क्षणों के बारे में बताया।
दुबई के क्राउन प्रिंस ने की स्मित से मुलाकात तो इजरायली पीएम ने फोन पर बात
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अस्पताल जाकर भारतीय पायलट और फ्लाईदुबई के हीरो स्मित मच्छर से मुलाकात की और उनके साहस को जमकर सराहा। बाद में दुबई के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर और रक्षा मंत्री की भी जिम्मेदारी संभाल रहे क्राउन प्रिंस ने एक्स पर लिखा कि हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं।
घटना वाले दिन तक सक्रिय था अल-हम्मामी का इंस्टा अकाउंट
हमलावर सह पायलट अल-हम्मामी का इंस्टाग्राम अकाउंट घटना वाले दिन तक पूरी तरह सक्रिय था। इस खौफनाक वारदात के ठीक बाद अल-हम्मामी का इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया गया था।
सीएनएन के विश्लेषण के मुताबिक, उसके डिलीट किए गए इंटरनेट मीडिया हैंडल्स (एक्स और इंस्टाग्राम) पर चरमपंथी विचारधारा और अलकायदा से जुड़ी तस्वीरें व सामग्रियां मिली थीं। उसने पूर्व में महिलाओं के कामकाजी होने, महिला-पुरुष दोनों के संयुक्त वर्कप्लेस और महिलाओं के हिजाब पहनने को लेकर भी बेहद कट्टर और रुढ़िवादी टिप्पणियां पोस्ट की थीं। Fly dubai







